- Hindi News
- National
- Pilibanga News Rajasthan News Emphasis On Construction Of Sealed Toilets In Homes Explosion In Paddy Market
घरों में जलबंद शौचालय बनवाने पर जोर, धान मंडी में चल रही धमाका कुइयां
लाखों की आय देने वाली जाखड़ांवाली धानमंडी सुविधाओं को तरस रही है। मंडी में पीने के पानी एवं जलबंद शौचालय की कोई व्यवस्था नही हैं। इससे पूरे दो माह तक गेहूं बेचने आने वाले किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है मगर मंडी समिति ध्यान नहीं दे रही है। धानमंडी में एक शौचालय बना हुआ था, जो गिरने के कगार पर है वहीं सरकार गांवों में धमाका कुइयां बंद कर जलबंद शौचालय बनवा रही है पर मंडी में पिछले वर्ष 13 धमाका कुइयां बनवाई है, जिससे पूरा माहौल बदबूदार बना हुआ है। हालत ऐसी है कि मंडी में ठीक से बैठा ही नहीं जाता। वहीं मंडी समिति का रटा-रटाया एक ही जबाब मिलता है कि प्रस्ताव बनाकर भेजा हुआ है। बजट का अभाव है। मंडी समिति पीलीबंगा के अधिकारी दो माह गेहूं बेचान के समय लाखों की आय कर चले जाते हैं मगर सुविधा पर ध्यान नही देते। मंडी में जो 13 धमाका कुइयां बनी हुई है वह भी गंदगी से अटी पड़ी है। किसान विजय गोदारा ने कहा कि सरकार को धमाका कुई बंद कर जलबंद शौचालय निर्माण करवाना चाहिए। बृजलाल गोदारा ने मंडी में शैड निर्माण एवं पेयजल की व्यवस्था की मांग की है। किसान रामजीलाल कुलड़िया ने कहा कि शैड नहीं होने से किसानों का गेहूं बरसात में भीगने से किसानों को हर वर्ष लाखों का नुकसान होता है। जाखड़ांवाली धानमंडी में मानकथेड़ी, बड़ोपल, दौलतांवाली, पीलीबंगा गांव, बड़ोपल, 18एसपीडी, जाखड़ांवाली, चक 6 बीएचएम, सरदारपुरा खर्था, भैरूसरी, मोधुनगर, चौहिलांवाली, अराइयांवाली, पंडितांवाली पंचायतों के हजारों किसान मंडी में फसल बेचने आते हैं।
जाखड़ांवाली धानमंडी में कतार से बनी हुई धमाका कुइयां, जबकि असली शौचालय पूरी तरह जीर्ण-शीर्ण हो चुका है।
शौचालय के लिए 14 लाख रुपए मंजूर हैं
शौचालय के लिए 14 लाख रुपए मंजूर हो गए काम शुरू होने में एक माह लगेगा। रही बात धमाका कुइयों की तो जल्द बंद करवा दी जाएगी। शैड का कोई प्रस्ताव सरकार को नहीं भेजा हुआ।
-सुरेंद्र खोथ, सचिव कृषि उपज मंडी समिति, पीलीबंगा