- Hindi News
- National
- Nohar News Rajasthan News Government Offices Will Be Wiped With Hypochloride Religious Administrative Program Canceled Isolation Ward Made In Nohar
सरकारी दफ्तरों में हाइपोक्लोराइड का पोंछा लगेगा, धार्मिक प्रशासनिक कार्यक्रम रद्द, नोहर में आइसोलेशन वार्ड बनाया
कोरोना वायरस से बचाव के लिए राज्य सरकार ने स्कूल-कॉलेज, मदरसे, कोचिंग सेंटर, जिम, थियेटर, नाटक मंचन आदि बंद करने के आदेश दिए हैं। वहीं शुक्रवार देर रात्रि को हुए आदेश सुबह तक यह आदेश स्कूलों और कॉलेजों तक नहीं पहुंचे। ऐसे में जिले भर में आधे से ज्यादा सरकारी और निजी स्कूल खुले रहे। वहीं अभी चल रही बोर्ड परीक्षाओं पर कोई रोक नहीं होगी। साथ ही, मेडिकल तथा नर्सिंग कॉलेज में कार्य संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा। बड़ी बात ये है कि जिले में कई कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। कलेक्टर के आदेशानुसार सभी सरकारी और अर्ध सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों में अलमारी, सीढ़ियां, कुर्सी के हत्थे, मेज आदि पर 1% हाइपोक्लोराइड का पोंछा तीन बार लगाना होगा। इसी तरह व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी यह पोंछा रोजाना कम से कम दो-तीन बार लगाया जाएगा। वहीं नोहर के सीएचसी में आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। इसके लिए एक टीम का भी गठन किया गया है। इसमें डॉ. बीएल कुमावत टीम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
सतर्कता: सत्संग, लाइव सर्जरी, रात्रि चौपाल सहित 5 कार्यक्रम नहीं होंगे
भजन संध्या ‘एक शाम कन्हैया के नाम’: टाउन स्थित धान मंडी में रविवार को होने वाला एक शाम कन्हैया के नाम कार्यक्रम राज्य सरकार के आदेश के बाद स्थगित कर दिया गया है। भजन कार्यक्रम के लिए यहां मंच बनाकर टैंट लगवा दिया गया था। श्यामभक्त अरुण अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम बड़े स्तर पर होना था। सरकार के आदेश की पालना में कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।
राधा स्वामी सत्संग: राधा स्वामी सत्संग ब्यास के निर्देशानुसार 31 मार्च तक प्रदेश के किसी भी सत्संग घर में सत्संग आयोजित नहीं किया जाएगा।
लाइव सर्जरी: टाउन स्थित जिला अस्पताल में 15 एवं 16 मार्च को होने वाली दो दिवसीय लाइव सर्जरी वर्कशॉप रद्द कर दी गई है। इसमें नामी-गिरामी सर्जन डॉक्टर्स शामिल होने थे।
रात्रि चौपाल: जिला प्रशासन की तरफ से दांडी यात्रा की 90वीं वर्षगांठ अवसर पर हो रहे सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। रात्रि चौपाल कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया है।
बोर्ड परीक्षा के अलावा सभी परीक्षाएं रद्द: स्वयंसेवी शिक्षण संस्था संघ की शनिवार को बैठक हुई जिसमें सभी आरबीएसई एवं सीबीएसई स्कूलों में 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं बोर्ड की परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी। बाकी किसी भी तरह की परीक्षाएं रद्द रहेंगी और स्कूलों में अवकाश रखा जाएगा। आदेशों की अवहेलना करने पर संस्था प्रधान जिम्मेवार होगा।
आंशिक रद्द: सामूहिक विवाह आंशिक रद्द में वर-वधू के साथ 5-5 व्यक्ति ही हिस्सा लेंगे, यह कार्यक्रम शिवशक्ति जागरण समिति हनुमानगढ़ जंक्शन की ओर से रविवार को 21 कन्याओं का सामूहिक विवाह अब छोटे स्तर पर होगा।
...और इनके लिए अब तक कोई आदेश नहीं
आंगनबाड़ी: जिले में करीब 1200 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। सरकार ने इन केंद्रों को बंद रखने के लिए भी कोई निर्देश नहीं दिए हैं।
भद्रकाली मेला: मेला प्रभारी अजय धूडिय़ा ने बताया कि भद्रकाली मेले की तैयारियां देवस्थान विभाग की तरफ से पूर्ण कर ली गई है। अभी तक मेला स्थगित करने से संबंधित राज्य सरकार की तरफ से कोई निर्देश नहीं मिले हैं। 25 मार्च से मेला शुरू होगा।
स्टाफ: शिक्षा विभाग के आदेशानुसार बोर्ड परीक्षाओं के अलावा सभी परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। स्कूल स्टाफ के लिए कोई भी दिशानिर्देश जारी नहीं किए गए।
जिम एसोसिएशन हनुमानगढ़ जंक्शन सचिव अमरीक सिद्धू ने बताया सरकार के आदेश की पालना में जिम बंद रखी थी। उन्होंने बताया कि रविवार चार बजे एक मीटिंग रखी गई है। जिसमें जिले भर के जिम संचालकों से 1 अप्रैल तक जिम बंद रखने की अपील की जाएगी।
आदेशों की पालना: सभी जिम पर लगा रहा ताला
सीएमएचओ- मास्क कितने हैं इसको लेकर संतोषजनक जवाब नहीं
जहां एक तरफ कोरोना वायरस को लेकर प्रदेश सरकार और सभी आलाधिकारी चिंतित हैं। वहीं सीएमएचओ अरुण चमड़िया को जब जिले में मास्क की संख्या पूछने पर उन्होंने गोलमोल जवाब दे दिया। उन्होंने बताया कि जिले में मास्क पूरे हैं। जिसे जब ज़रुरत होती है मास्क दे दिया जाता है।
सीडीईओ: 30 मार्च तक बंद रहेंगे स्कूल, सिर्फ बोर्ड परीक्षाएं होंगी
सीडीईओ तेजा सिंह गदराना ने बताया कि जिले भर में स्कूल के संस्था प्रधानों को एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड परीक्षाओं को छोड़कर बाकि सभी परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। सीबीईओ एवं ब्लॉक अधिकारियों इसकी मॉनिटरिंग करेंगे। 30 मार्च तक सभी स्कूल बंद रहेंगे सिर्फ परीक्षाएं ही आयोजित होंगी। कोई भी स्कूल संचालित होता पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।