पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Rawatsar News Rajasthan News In The Meeting Of Officials The Minister In Charge Govind Dotasara Said That The Real Corona Virus Is Hail Worry About It

अधिकारियों की बैठक में प्रभारी मंत्री गोविंद डोटासरा बोले असली कोरोना वायरस तो ओलावृष्टि है, इसकी चिंता करो

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एक्सईएन के खिलाफ बिसरासर माइनर के किसानों ने सौंपा ज्ञापन

जिला प्रभारी मंत्री गोविंद डोटासरा ने रविवार को सभी विभागों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान नहर में पानी चोरी का मुद्दा छाया रहा। मंत्री ने अधिकारियों-कर्मचारियों को लताड़ लगाई। नोहर विधायक अमित चाचाण ने कहा कि मंत्री महोदय मैं पिछले दिनों नहर पर 7 दिन तक तंबू लगाकर बैठा रहा तब टेल पर पानी गया और मेरे विधानसभा में जाते ही फिर इन्होंने वही हाल कर दिया। ऐसा ही कुछ भादरा विधायक बलवान पूनियां ने कहा कि अधिकारियों की मिलीभगत से पानी चोरी हो रही है। भादरा विधायक ने तो यहां तक कहा कि उत्तराधा बास के पास 80 से 100 क्यूसेक तक पानी चोरी मात्र 20 किमी में हो रही है। वह पानी चोरी का बहुत बड़ा गिरोह है। इसी दौरान बैठक में बैठे किसी व्यक्ति ने तो यह भी कह दिया कि पानी चोरी करने वालों ने ही पेट्रोलिंग के लिए विभाग को गाड़ी दे रखी है। इसलिए जब कार्रवाई करने का अधिकारी जाता है तो पहले से ही सूचना कर दी जाती है। इस वजह से कोई कार्रवाई नहीं होती जिस पर प्रभारी मंत्री ने काफी नाराजगी जाहिर की। बिसरासर माइनर पर पानी चोरी पर एक्सईएन इमीचंद से पूछा तो उन्होंने कहा कि इन की नहरों में पानी बहुत ही कम आता था। मेरी बदौलत आज इनका पानी सही है। यह किसान झूठे हैं। मीडिया ने गलत प्रचार किया है। प्रभारी मंत्री ने मीडिया पर सवाल उठाने पर खरी-खोटी सुनाई। बैठक में कोरोना वायरस पर कलेक्टर ने बताया कि सभी होटलों, कॉलेजों में बड़े प्रतिष्ठानों के मीटिंग लेकर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है कि कैसे सावधानी रखी जानी चाहिए इस पर प्रभारी मंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि असली कोरोना तो यह ओलावृष्टि है। इसका इतना ज्यादा प्रचार-प्रसार करने की जरूरत नहीं है। अपने वातावरण के अंदर यह वायरस ज्यादा नहीं रह सकता। इसका नुकसान प्रतिशत बहुत ही कम है इससे ज्यादा तो अपने नॉर्मल यहां पर अन्य बीमारियों में भी होता है इसलिए इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है। बैठक में भादरा विधायक ने कक्षा 5 व 8 के बच्चों के परीक्षा केंद्र उनके विद्यालयों से दूर करने पर सवाल उठाया।

ओलावृष्टि से नुकसान का सर्वे करवा मुआवजा दिलवाने की मांग, सौंपा ज्ञापन

रावतसर| क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे करवा मुआवजा दिलवाने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ ने रविवार को जिला प्रभारी मंत्री गोविंद डोटासरा को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में बताया कि फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार आपदा राहत कोष से किसानों को मुआवजा दें क्योंकि बहुत से किसानों का फसल बीमा नहीं है। चना-सरसों की सरकारी खरीद में मात्रा की पाबंदी हटाई जाए तथा निर्धारित मात्रा 40 क्विंटल की खरीद एक ही दिन में कराई जाए। सरकार ने 25 व 15 क्विंटल दो दिनों में तुलवाने के आदेश दे रखे हैं, जिससे किसानों को अपनी फसल विक्रय करने के लिए दो बार धान मंडी आना पड़ता है। इससे किसानों के धन व समय दोनों का नुकसान होता है। सरकारी खरीद में माल तहसील में ही बेचने की पाबंदी को हटाने की मांग भी रखी गई। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष प्रताप सिंह सुडा के नेतृत्व में काफी संख्या में किसान मौजूद थे।

गंदे पानी निकासी की सही व्यवस्था को लेकर सौपा ज्ञापन: वार्ड 3 व 4 तथा पंचायत 15- 16 केडब्ल्यूडी व 99 आरडी के काश्तकारों ने गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था सुधारने की मांग की। ज्ञापन सौंप बताया कि पालिका ने 4 करोड़ से शहर के गंदे पानी को एक जगह एकत्रित कर बाहर खाली जगह में डालने की योजना पर काम किया था। वह पूरा हो चुका लेकिन शहर का आधे से ज्यादा गंदा पानी 15 -16 के डब्ल्यूडी व 99 आरडी पंचायतों के क्षेत्रों में जा रहा है, जो फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। ज्ञापन में पालिका को निर्देशित कर सीवरेज के गंदे पानी को क्षेत्रों में जाने से रोकने की मांग की गई।

तुरंत गिरदावरी करवा किसानों को खराबे का मुआवजा दे राज्य सरकार: सतीश पूनियां

नोहर|राज्य सरकार ओलावृष्टि के मामले में लीपापोती करने में लगी है। राज्य सरकार ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की तुरंत गिरदावरी करवाकर किसानों को मुआवजा दे। यह बात राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कही। कहा कि सरकार बने सवा साल बीत जाने के बाद भी जनता से किया गया एक वायदा कांग्रेस सरकार पूरा नहीं कर पाई है। कर्ज माफी न होने से किसान आत्महत्या कर रहा है। बेरोजगार भत्ते व नौकरियों की बांट जो रहे हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। पूनियां ने कहा कि राज्य के 15 जिलों में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। सदन में मामला उठाने के बाद भी सरकार कोई जबाव नहीं दे पाई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एक तरफ एक हजार करोड़ के कृषक कल्याण बोर्ड बनाने की बात कर रही है वही दूसरी ओर किसान मुआवजे की बाट जो रहे हैं। उन्होंने कृषक कल्याण बोर्ड के माध्यम से किसानों को तत्काल राहत देने की बात कही। सतीश पूनिया ने बताया कि ओलावृष्टि से प्रभावित जिलों में भाजपा के जिलाध्यक्ष मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेंगे और मुआवजे को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन देंगे। भाजपा ने विधानसभा में बिजली दरों को लेकर कड़ा विरोध जताया। सतीश पूनियां ने गांव असरजाना में ओलावृष्टि से हुए नुकसान का खेतों में जाकर जायजा लिया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई, निवर्तमान प्रधान अमरसिंह पूनियां, भाजपा नेता काशीराम गोदारा, भाजपा देहात अध्यक्ष कुलदीप सहू, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष सुशील जोशी, सरपंच प्रताप सहारण, विनोद स्वामी सहित अनेक कार्यकर्ता व किसान मौजूद थे।


बिसरासर माइनर के किसानों ने साहवा लिफ्ट कैनाल के एक्सईएन पर पानी चोरी रोकने के बजाए व चोरों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया था। किसानों ने बताया कि इस पर इमीचंद ने एसई को बुलाकर नहर का फर्जी निरीक्षण करवाया। पीड़ित किसानों से नहीं मिलने दिया तथा फर्जी रिपोर्ट तैयार कर मामला रफा-दफा करने का प्रयास किया। इसके अलावा एक्सईएन ने राजनीति करते हुए अपने पक्ष में एसडीएम को ज्ञापन दिलवाया था। उसमें लिखवाया कि हम टेल के किसान चोर हैं। चोरी करने के लिए दबाव बनाने का प्रयास किया जबकि ज्ञापन देने वाले 8 व्यक्तियों में से पांच तो उस क्षेत्र के ही नहीं है। एक व्यक्ति की जमीन में पानी भी नहीं लगता है। किसानों ने मांग की ऐसे अधिकारी पर कार्रवाई की जाए जो किसानों में फूट डालकर राजनीतिक करना चाहता है।

खबरें और भी हैं...