- Hindi News
- National
- Bhadra News Rajasthan News Night Chaupal At Gogamedi Of The Collector Resolved The Problems Of The Villagers On The Spot
कलेक्टर की गोगामेड़ी में रात्रि चौपाल: ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही किया निराकरण
ग्राम पंचायत गोगामेड़ी के राजीव गांधी सेवा केंद्र में शुक्रवार रात कलेक्टर जाकिर हुसैन की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल और जनसुनवाई कार्यक्रम हुआ। कलेक्टर जाकिर हुसैन को ग्राम वासियों ने अपनी समस्या और गांव से संबंधित मांगों से अवगत कराया। इनमें से ज्यादातर परिवेदनाओं का कलेक्टर ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देकर निस्तारण करवाया। इस मौके पर ग्राम वासियों ने सिंचाई, बिजली, गोगाजी मेला संबंधित, रेलवे स्टेशन सड़क निर्माण से संबंधित समस्या व मेले की सफ़ाई से संबंधित समस्याओं को कलेक्टर के सामने रखा। इन पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश कलेक्टर ने दिए। कलेक्टर ने बताया कि रात्रि चौपाल और जनसुनवाई का उद्देश्य प्रशासन द्वारा ग्राम वासियों के बीच में जाकर के उनकी समस्याओं को सुनना, जानना और मौके पर उनका निस्तारण करके ग्राम वासियों को ज्यादा से ज्यादा लाभ पहुंचाने का हमारा लक्ष्य है। इसी के तहत अब यहां पर रात्रि चौपाल का आयोजन करने आए हैं। उन्होंने बताया कि जिले भर में ऐसे कार्यक्रम अक्सर करवाते रहते हैं जिससे ग्राम वासियों को प्रशासन के नजदीक पहुंचने का और मौके पर समस्याओं के निस्तारण करने का मौका मिलता है। इस मौके पर नोहर एसडीएम श्वेता कोचर, नोहर तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह, पंचायत समिति विकास अधिकारी यशपाल असीजा, सीडीपीओ प्रवेश सोलंकी, कृषि सहायक निदेशक बलवीर सिंह, एसीबीएओ मनोज आर्य, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता रिछपाल सिंह चारण एवं सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहें। इससे पहले कलेक्टर के गोगामेड़ी में पहुंचने पर ग्राम वासियों ने उप सरपंच प्रतिनिधि सुलखन सिंह, लखविंदर सिंह, शंकर सिंह, अभिषेक शर्मा, कृष्ण वालिया, भवानी सिंह, भादर नाथ, सफी भाटी, राष्ट्र वर्धन सिंह व ग्रामीणों के नेतृत्व में स्वागत करते हुए बेटियों का जन्मोत्सव केक काटकर मनाया। कार्यक्रम में मेधावी बेटियों को कलेक्टर ने सम्मानित किया। चौपाल कार्यक्रम में डॉ. राजबाला, धर्मपाल गोदारा, सुरेन्द्र बाना, श्रवण सुथार, प्रदीप शर्मा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
गांव लोंगवाला और भगतपुरा में रात्रि चौपाल का आयोजन पात्र परिवारों से शौचालय के लिए आवेदन करने की अपील
पीलीबंगा| ग्राम पंचायत लोंगवाला में एसडीएम प्रियंका तलानिया ने रात्रि चौपाल कर ग्रामीणों की जनसुनवाई की और उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। लोंगवाला सरपंच सुनील क्रांति के अनुसार इस दौरान एसडीएम ने ग्रामीणों को राज्य सरकार द्वारा ग्राम के विकास के लिए होने वाली विभिन्न योजनाओं से अवगत करवाते हुए इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की बात कही। विकास अधिकारी भारतभूषण शर्मा ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत दिए जाने वाले शौचालयों के बारे में जानकारी देते हुए पात्र परिवारों को शौचालय लाभ के लिए आवेदन किए जाने की बात कही। वहीं स्वच्छ भारत मिशन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित किए जाने का आह्वान किया। जनसुनवाई के दौरान लोंगवाला सरपंच सुनील क्रांति ने ग्राम पंचायत की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाते हुए उनके निराकरण के लिए प्रयास किए जाने की बात कही। जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायत का निरीक्षण कर उपस्थित अधिकारियों व कार्मिकों को क्रियान्विति के लिए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
संगरिया| गांव भगतपुरा में रात्रि चौपाल कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में एसडीएम मांगीलाल सुथार, तहसीलदार कुलदीप कुमार आदि ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। उन्होंने मौके पर ही कई समस्याओं का निस्तारण किया। जसपाल सिंह सिद्धू ने बताया कि एसडीएम सुथार ने ग्राम को स्वच्छ रखने, नशा मुक्त करने, सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने आदि की बात कही। पंचायत प्रभारी रघुवीर गोदारा ने ग्रामीणों को मृत्यु तथा जन्म पंजीयन करवाने की बात ग्रामीणों को समझाई। इस मौके पर बाल विकास विभाग व अन्य विभागों ने अपने-अपने विभागों की चल रही योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। इस मौके पर ग्रामीण, विभागों के कर्मचारी आदि मौजूद थे।
गोगामेड़ी में रात्री चौपाल में जिला कलेक्टर, अधिकारी और कर्मचारी|