पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Hanumangarh News Rajasthan News No Clues Of Thieves Who Pushed The Sentry Teams Engaged In Search

संतरी को धक्का दे भागे चोर का सुराग नहीं, तलाश में जुटी टीमें

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जंक्शन पुलिस थाना में सोमवार रात्रि को लघुशंका के दौरान संतरी को धक्का देकर फरार हुए शातिर चोर का बुधवार को तीसरे दिन भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा। यह घटना उस दौरान हुई जब थाना का अधिकांश स्टाफ होलिका दहन कार्यक्रम में ड्यूटी और गश्त में था। शातिर चोर की तलाश में जुटने के कारण यह पहली बार हुआ कि पुलिस थाना स्टाफ ने इस बार होली का त्यौहार भी नहीं मनाया। फरार हुए चोर को पुलिस पंजाब के जलालाबाद से गिरफ्तार कर लाई थी। उसके खिलाफ 15 से अधिक चोरी के मामले दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार सुरेशिया के वार्ड 55 के रहने वाले कुलदीप सिंह पुत्र जसवीर सिंह के घर से चोरी के मामले में अमन दीप उर्फ अमन उर्फ झिंटलिया पुत्र राजू छज गिरिया निवासी संपतनगर मोहल्ला अबोहर बाइपास रोड मुक्तसर पंजाब हाल खानाबदोश को सुरेशिया चौकी प्रभारी इंद्रा देवी ने 9 मार्च को पंजाब से गिरफ्तार किया था। इसी रात्रि को हवालात में बैठे अमनदीप ने संतरी को लघुशंका ले जाने को कहा। लघुशंका के दौरान वह संतरी को धक्का देकर फरार हो गया। चोरी के आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही थाना स्टाफ में हड़कंप मच गया। सीआई धीरेंद्र सिंह सहित पूरा स्टाफ अलग-अलग वाहनों से चोर की तलाश में जुट गया। पूरी रात पुलिस की गाडिय़ां बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित सड़कों की खाक छानती रही लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सीआई ने बताया कि फरार हुआ शातिर चोर पंजाब का रहने वाला है और वर्तमान में इसका कोई स्थाई ठिकाना नहीं है। घुमक्कड़ जीवन व्यतीत करने वाला अमनदीप चोरी करने और नशे का आदि है। वह रात्रि के समय चोरी करने के बाद चुराए गए रुपए और जेवर आदि खाने-पीने व नशा करने में खर्च कर देता है और उसके बाद फिर से वारदात को अंजाम देता है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी के करीब 15 मामले दर्ज है। सीआई धीरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में उसके रिश्तेदारों और परिचितों के ठिकानों पर दबिश जारी है।

खबरें और भी हैं...