जैविक खेती कैलेंडर का विमोचन किया
हनुमानगढ़| गांव हेतरामपुर ढाबां में गुरुवार को जैविक खेती पर कार्यशाला हुई। इस अवसर पर जैविक कृषि एवं जैविक जीवन शैली विज्ञान पर आधारित जैविक खेती कैलेंडर का भी विमोचन किया गया। कार्यशाला कृष्ण जाखड़ के जैविक फार्म पर हुई, जिसमें प्राकृतिक खेती शोध संस्थान भोपाल संस्थापक ताराचंद बेलजी ने बताया कि इस कैलेंडर में कुदरती खेती के मुख्य फार्मूले जैसे ऊर्जा विज्ञान, जैविक व जीवाणु खाद निर्माण, बीज बोने की तिथि, जैविक जीवन शैली के नियम आदि की तिथिवार संपूर्ण जानकारी दी गई है। सदस्य भगवान सिंह खूड़ी ने बताया जैविक पंचांग जैविक किसानों के लिए रामबाण का काम करेगा। अलग-अलग किताबों कि जगह एक कैलेंडर में ही जैविक का पूरा ज्ञान दिया हुआ है। उन्होंने बताया कि हकीकत संस्थान पर जल्द ही ताराचंद बेलजी को बुलाकर सात दिवसीय कार्यशाला लगाई जाएगी। कैलेंडर विमोचन अवसर पर भगवान सिंह खूड़ी, कृष्ण जाखड़, हिसार एग्रीकल्चर के गवर्निंग बॉडी के मैंबर पीपी आहूजा, मुंबई से वीके गांधी, राकेश गोदारा, बृजमोहन भादू, प्रवीण गोदारा, अरविंद धारणिया आदि किसान मौजूद थे।