- Hindi News
- National
- Hanumangarh News Rajasthan News Rail Tracks Crack Due To Changing Weather Gangman Reported Army And Passenger Train Stopped Departed After 1 Hour Repair
बदलते मौसम से रेल पटरी क्रेक, गैंगमैन ने सूचना दी, आर्मी और पैसेंजर ट्रेन रोकी, 1 घंटे मरम्मत के बाद रवाना की
बारिश के साथ मौसम में ठंडक का असर जनजीवन के साथ रेलवे ट्रैक पर भी पड़ा है। मंगलवार सुबह जंक्शन में चूना फाटक पर ट्रैक क्रेक हो गया। इसकी सूचना गैंग मैन ने स्टेशन पर दी और स्टेशन से तुरंत ट्रैक पर आने वाली आर्मी ट्रेन और एक पैसेंजर ट्रेन को रोक लिया गया। करीब एक घंटे में तकनीशियनों ने ट्रैक की मरम्मत की और उसके बाद ट्रेनों को रवाना किया गया। जानकारी के अनुसार नियमित जांच के दौरान रेलवे कर्मियों ने देखा कि चूना फाटक के पास पटरी क्रेक हो गई है। इस पर अधिकारियों को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही आर्मी की ट्रेन और ट्रेन संख्या 04781 को करीब एक घंटे तक रोके रखा। रेलवे इंजीनियरों के मुताबिक यह क्रेक अचानक बढ़ने वाली ठंड के कारण आया है। रेलवे के तकनीशियनों ने इस टूटे ट्रैक की तुरंत मरम्मत कर दी। इसके अलावा पूरे ट्रैक का निरीक्षण भी किया जा रहा है, जिससे कहीं भी पटरी टूटी मिले या फिर किसी प्रकार का नुकसान हो तो उसे तुरंत सही करके ट्रेनों का आवागमन ठीक किया जा सके।
एईएन बोले- बठिंडा से सूरतगढ़ तक रेल पटरी की लाइफ खत्म, नई पटरी पर खर्च होंगे 140 करोड़ रुपए
अलर्ट|ओवर रोलिंग के कारण दो दिन बंद रहेगा चूना फाटक
रेलवे एईएन ने बताया कि चूना फाटक पर ट्रैक और सड़क की मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। इस कार्य के कारण फाटक पर यातायात बंद कर दिया गया है। यह काम पूरा होने में दो दिन और लगेंगे। इस बीच लोगों की आवाजाही के लिए सतीपुरा फाटक, ढिल्लो कॉलोनी अंडरपास या ओवरब्रिज से आवाजाही कर सकेंगे।
रेलवे एईएन प्रथम संदीप डांगरा का कहना है कि ठंड से रेलवे पटरी सिकुड़ती है और कई बार उसमें क्रेक आ जाते हैं। इसी प्रकार गर्मी में पटरी फैल जाती है। इन दोनों स्थितियों में रेलवे कर्मचारी ध्यान रखते हैं और जैसे ही ट्रैक असामान्य दिखाई देता है, तुरंत मरम्मत करके उसे सही करते हैं। बठिंडा से हनुमानगढ़-सूरतगढ़ तक 140 किलोमीटर लंबी रेल पटरी का लाइफ पीरियड खत्म हो चुका है। नई पटरी बिछाने पर 140 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसमें प्रति किलोमीटर एक करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके लिए रेलवे बोर्ड स्तर पर कार्य प्रस्तावित है।