- Hindi News
- National
- Hanumangarh News Rajasthan News Thieves Who Pushed The Sentry Arrested After 60 Hours Sent To Jail Remand Again
संतरी को धक्का दे भागा चोर 60 घंटे बाद गिरफ्तार, जेल भेजा, दोबारा रिमांड लेंगे
थाना में संतरी को धक्का देकर फरार होने के बाद जंक्शन पुलिस के लिए चुनौती बने शातिर चोर को आखिरकार पंजाब के मुक्तसर से महज 60 घंटों में फिर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पूछताछ के बाद उसे थाना से फरार होने के मामले में कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया। पुलिस अब उसे चोरी के मामले में दोबारा प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ करेगी। सीआई धीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि 9 मार्च की शाम 7.50 बजे लघुशंका के बहाने संतरी को धक्का देकर फरार हुए अमन दीप उर्फ अमन उर्फ झिंटलिया पुत्र राजू छज गिरिया निवासी संपतनगर मोहल्ला अबोहर बाइपास रोड मुक्तसर पंजाब हाल खानाबदोश की तलाश में पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने लगातार दो दिन संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच सुरेशिया निवासी उसके परिजनों से पूछताछ की तो पता चला कि वह अक्सर मुक्तसर में रहने वाली अपनी बुआ के घर आता-जाता रहता है। इस पर पुलिस टीम को मुक्तसर रवाना किया गया। ठिकाने पर दबिश दी तो अमनदीप ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर गुरुवार सुबह 9 बजे उसे पकड़ लिया और हनुमानगढ़ ले आई। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया। यहां बता दें कि शातिर चोर उस समय फरार हुआ था जब थाना का अधिकांश स्टाफ होलिका दहन कार्यक्रम में ड्यूटी और गश्त में था। इससे पहले उसे पुलिस पंजाब के जलालाबाद से गिरफ्तार कर लाई थी।
विभिन्न थानों में 15 केस दर्ज, गिरफ्तारी के दो घंटे बाद ही थाने से हो गया था फरार
सुरेशिया के वार्ड 55 के कुलदीप सिंह पुत्र जसवीर सिंह के घर से चोरी के मामले में अमनदीप को सुरेशिया चौकी प्रभारी इंद्रा देवी ने 9 मार्च को पंजाब से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के महज दो घंटे बाद ही वह थाने से फरार हो गया था। घुमक्कड़ जीवन व्यतीत करने वाला अमनदीप चोरी करने और नशे का आदि है। वह रात्रि के समय चोरी करने के बाद चुराए गए रुपए और जेवर आदि खाने-पीने व नशा करने में खर्च कर देता है और उसके बाद फिर से वारदात को अंजाम देता है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी के करीब 15 मामले दर्ज हैं।