- Hindi News
- National
- Bhadra News Rajasthan News Unseasonal Rains And Rains Show The Ruins Of The Fields Damage To The Ripened Crops Mustard Gram And Wheat Farmers Worried
बेमौसम बारिश-आेलों से खेतों में दिखा बर्बादी का मंजर, बिछ गई पकी हुई फसलें, सरसों, चना और गेहूं को नुकसान, किसान िचंतित
क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांवों में बुधवार शाम ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान होने का अंदेशा है। बारिश से रबी की फसलें आड़ी पड़ गई है। भिरानी, जोगीवाला, सागड़ा, चक 9 जेएसएल, मुंदडिय़ा छोटा, डूंगरसिंहपुरा, जिगासरी छोटी, जिगासरी बड़ी, अनूपशहर, अलायला, श्योराटाडा, सूरतपुरा, आसन, अजीतपुरा, भांगवा में काफी ओलावृष्टि हुई है। वहीं टेलीफोन पर भास्कर के विभिन्न गांवों के प्रतिनिधियो ने सूचना दी है कि ओलावृष्टि व अंधड़ के साथ बारिश के कारण फसलें चौपट हो गई हैं। कृषि अधिकारी सुरेन्द्र जाखड़ ने भास्कर को बताया कि इन सभी गांवों में ओलावृष्टि से नुकसान होने का अंदेशा है। वहीं कृषि अधिकारी सुरेन्द्र जाखड़ ने बीमित किसानों से क्षेत्र में ओलावृष्टि व तेज अंधड़ के साथ हुई बरसात से फसलों के खराबे की सूचना 72 घंटे अंदर एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड के टोल फ्री नं. 1800116515 या कम्पनी के ई-मेल पर दें जिससे बीमित किसानों को राहत दी सके।
हनमानगढ़. जिलेभर में पिछले तीन चार दिनों से मौसम खराब चल रहा है। जिला मुख्यालय पर बुधवार सुबह करीब छह बजे बारिश हुई। वहीं पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रही है। इसके बाद शाम सवा चार बजे बादलों ने एकाएक बरसना शुरू कर दिया। करीब 15 मिनट तक जोरदार बारिश हुई। इससे शहर की सड़कें जलमग्न हो गई। राहगीरों और वाहनचालकों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, जंक्शन बस स्टैंड के सामने कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार टिब्बी में 4 एमएम और नोहर में सर्वाधिक 12 एमएम बारिश दर्ज हुई है।
विभाग: धूप नहीं निकली तो गेहूं में आएगा रोग
कृषि (विस्तार) हनुमानगढ़ उपनिदेशक दानाराम गोदारा ने बताया कि बरसात व धूप नहीं निकलने से गेहूं की फसल में येलो रस्ट रोग का प्रकोप बढ़ सकता है। किसानों को रोग से बचाने के लिए जानकारी दी जा रही है।
किसान बोले-तेज हवा से गेहूं के दाने जमीन पर बिखर गए, सरसों के फूल झड़े, गुणवत्ता में आएगी कमी
सतीपुरा के किसान कुलदीप ने बताया कि बारिश और तेज हवा से गेहूं के दाने जमीन पर बिखर सकते है। वहीं सरसों के फूल झड़ने की आशंका बनी हुई है। किसानों के अनुसार बारिश से गेहूं का रंग भी हल्का हो जाता है। इससे उपज के दाम कम मिलते हैं। गांव 22 एनडीआर के किसान जगदीश सहारण ने बताया कि बेमौसम बारिश के बाद खेतों में पक कर तैयार खड़ी गेहूं की फसल में दानों की चमक फीकी पड़ने का अंदेशा बढ़ गया है। लिखमीसर के किसान विष्णु मंडा ने बताया फसलों पर दवाई के छिड़काव सहित अन्य जतन कर इसे बचाने में जुटे हुए हैं।
फोटो भादरा क्षेत्र के गांव भिरानी का है। बुधवार शाम को हुई ओलावृष्टि से फसलें गिर गई और किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया।
हनुमानगढ़
भादरा
टोपरियां
फेफाना
चारणवासी
भादरा|कस्बे सहित विभिन्न गांवों मे बुधवार शाम बारिश हुई। कस्बे के विभिन्न वार्डों में पानी ठहरने व पानी निकासी की समस्या के चलते आम आदमी को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। रामबास, नेठराना, मलखेड़ा, मुन्दडिय़ा, जिगासरी सहित अनेक गांवों मे बारिश हुई है। वहीं जिगासरी गांव में ओलावृष्टि हुई है, जिससे काफी नुकसान आंका जा रहा है।
चारणवासी|रतनपुरा, जसाना, फेफाना, चारणवासी, मोधूवाली ढाणी, चक नौ केएनएन, चक जोशियों की ढाणी, चक छह आरपीएम, चक बारह केएनएन सहित गांवों में तेज हवा के साथ हुई तूफानी बरसात से गेहूं व सरसों,अरंडी,जौ की फसलों भारी नुकसान हुआ है। सोमवार की रात-भर आसमान में बादल छाए रहे। मंगलवार अल सुबह तेज हवा के साथ हल्की बरसात हुई। मंगलवार को दिन-भर तेज हवा, बादल छाए हुए थे। दोपहर को सूरज बादलों में लुका-छिपी करता रहा। साढ़े चार बजे अचानक तेज हवा के साथ शुरू हुई बरसात तेज गति से पौने घंटे तक जमकर होने से गलियां पानी से जलमग्न हो गई ओर फसलें जमीन पर गिर गई। किसान भानीराम गरूवा, मांगीलाल कुहाड़, जिले सिंह खीचड़, देवीराम भांभू, ओम प्रकाश मेहरा, रामप्रताप सिहाग आदि ने बताया कि इन दिनों खेतों में कटाई के लिए तैयार खड़ी सरसों की फसल की फळियां तेज अंधड़ के कारण झड़ गई। पकाव के अंतिम चरण पर पहुंची गेहूं फसल जमीन पर गिर गई। वहीं अरंडी की फसल का फाळ भी जमीन पर गिर गया।
फेफाना| दिनभर चली हवाओं के साथ मौसम ने फिर करवट बदली। बुधवार शाम साढ़े चार बजे तेज हवाओं साथ आई तेज बारिश से गलियां पानी से लबालब हो गई। क्षेत्र में कुछ देर चने के आकार के अाेले गिरे। तेज हवाओं और बारिश से गेहूं व सरसों की फसल जमीन पर गिर गई, जिससे किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनका कहना था कि गेहूं की फसल में नुकसान ज्यादा हुआ है। फसल पकाव पर है और बेमौसम बरसात से दोहरी मार पड़ गई। कई जगह पेड़ों के टूटकर रास्तों पर गिरने से आवागमन भी प्रभावित हुआ है। कस्बे की मुख्य गलियों में पानी निकासी की व्यवस्था सही नहीं होने के कारण जगह-जगह पानी भर गया। गाेशाला के पास, अंबेडकर बस्ती स्कूल, सरस्वती स्कूल सहित निचली बस्तियों में जगह-जगह पानी भरने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। किसानों ने बताया कि क्षेत्र में 8-10 अंगुल बारिश हुई है।
थालड़का| बुधवार को एक बार फिर मौसम में परिवर्तन आया और सुबह से ही तेज हवा के साथ भारी बरसात होने से सरसों व चना, गेहूं की फसल में भारी नुकसान होने के कारण किसानों की चिंता बढ़ी। किसानों का कहना है कि बार-बार मौसम में परिवर्तन और बरसात के कारण फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। बेमौसम की बरसात के कारण पैदावार में काफी नुकसान होगा। थालड़का क्षेत्र में बुधवार को सुबह रुक-रुककर बरसात हुई। दोपहर को मौसम साफ है। शाम को चार बजे लगभग तेज बरसात व आंधी के कारण गेहूं की फसल जमीन पर गिर गई। बार-बार आसमानी आफत को लेकर के किसान परेशान हैं।
पीलीबंगा|कस्बे व आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार का दिन अपेक्षाकृत सर्द रहा। सुबह की शुरुआत बारिश की बूंदों के साथ ही हुई। दोपहर 12 बजे अचानक निकली धूप ने मौसम में गर्मी ला दी। दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी से माैसम फिर ठंडा हो गया। पूरे दिन लाेग सर्दी व गर्मी के साथ कपड़े बदलते नजर आए। दोपहर बाद बादलवाही छाई रही।