प्रतीक्षालय पर न्यायालय स्टाफ का कब्जा, वकील आक्रोशित
उपखंड कार्यालय परिसर में पक्षकारों के बैठने के लिए बने प्रतीक्षालय का अधिकार बार संघ को सौंपने की मांग करते हुए बार संघ ने शुक्रवार को एसडीएम प्रियंका तलाणिया को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के अनुसार बार संघ के प्रयासों से पूर्व विधायक द्रोपदी मेघवाल ने विधायक कोटे से 10 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कर इस प्रतीक्षालय का निर्माण करवाया था, परंतु इस भवन में एसडीएम कार्यालय के अधीनस्थ कर्मचारी ही बैठकर विभागीय कामकाज करते हैं। पक्षकारों के बैठने के लिए कोई स्थान नहीं होने से अधिवक्ताओं व पक्षकारों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बार संघ अध्यक्ष गौरीशंकर गाट ने बताया कि इस संबंध में िवगत 7 फरवरी को भी एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपा गया था, परंतु उन्हाेंने इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की। ज्ञापन के मुताबिक अगर इस बार भी 18 मार्च तक उक्त भवन काे बार संघ को नहीं दिया गया, तो मजबूरन बार संघ को आंदोलन करना पड़ेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में बार संघ सचिव राधेश्याम वर्मा, अधिवक्ता नंदराम धारणियां, महेंद्र चतुर्वेदी, दारासिंह हुंदल, श्यामसुंदर मूंड, अशोक चालिया, संदीप कुमार गोदारा, जितेंद्र मंडा, मनोज सोनी, लोकेश गोयल, मनीष चतुर्वेदी, मारूफ खान, राकेश पूनियां, पवन पाहूजा, कुलदीप धारणियां, महावीर अरोड़ा, रामकुमार खीचड़, कैलाशसिंह राठौड़, जगराजसिंह भारी, अर्जुन नरूका, रामस्वरूप तावणियां, राजेंद्र पटीर सहित अन्य अधिवक्ता शामिल थे।