पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
जयपुर. विधानसभा में पर्यटन अनुदान मांगों पर बोलते हुए चोमू से विधायक रामलाल शर्मा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सदन में कहा कि महामाया मंदिर को विकसित करने के लिए जेडीए ने 36 करोड़ रुपए मंजूर कर रखे हैं, लेकिन वन विभाग की अनुमति नहीं मिलने से काम अटका हुआ है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हमने सामोद बालाजी मंदिर के लिए रोप वे बनाए। आप ने उस काम को रोक दिया। इस तरह उज्जैन महाकाल मंदिर में कार्य रोकने से सरकार पर संकट आया है, ऐसे ही बालाजी का रोप वे चालू नहीं करोगे तो सौ फिसदी संकट आएगा।
लोन माफ के चक्कर में किसानों को नहीं मिला ब्याज अनुदान
सहकारिता अनुदान मांगों पर भी बोलते हुए रामलाल शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजस्थान किसान कांग्रेस की झूठी बात में आ गए हैं। ऋण माफी के चक्कर में किसान ने राशि जमा नहीं करवाई है। इस पर उसे ब्याज की छूट भी नहीं मिली, जिसकी जांच होनी चाहिए। क्रेडिट काॅपरेटिव सोसायटियों में जमा एक पैसा भी निवेशकों को नहीं मिल रहा है। इसका रास्ता निकालना चाहिए। भूखंड बेचने वाली काॅपरेटिव सोसायटियों की भी जांच होनी चाहिए। यह सोसायटियां भूखंड बेचते समय दूसरा नक्शा दिखाती है और जब जेडीए से अप्रूव्ड करवाते ही तो जन सुविधा की जमीन नहीं रहती है। इसकी जांच भी हो। किसानों को बीमा की सुविधा दी जाए। सहकारिता के क्षेत्र में बने उपभोक्ता भंडारों में दवाईयां नहीं मिलती है। सरकार ने डेढ़ साल में एक गोदाम भी नहीं बनाया है। मनरेगा को दो साल तक बंद कर हर किसान को तालाब बनाने के लिए दो लाख रुपए की सहायता दे दे। ताकि जल संरक्षण हो।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.