पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
जयपुर. प्रदेश में सरकार ने कोरोना को महामारी घोषित कर दिया है। काेराेना के कारण अध्यक्ष सीपी जोशी ने विधानसभा 26 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी। प्रदेश के सभी सरकारी व निजी स्कूल, मॉल, सिनेमाहॉल, जिम और कोचिंग सेंटर भी 30 मार्च तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। सीएम अशोक गहलोत ने ये आदेश दिए। हालांकि, बाेर्ड सहित अन्य परीक्षाएं यथावत रहेंगी।
अब राज्य निर्वाचन आयाेग की ओर से जयपुर, काेटा व जाेधपुर के 2-2 नगर निगमाें में 5 अप्रैल काे चुनाव कराए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। इन 6 निगमाें में करीब 35 लाख मतदाता हैं। चुनावों में हाेने वाली रैलियाें-सभाओं में एकत्रित हाेने वाले लाेगाेंं, मतदान व मतगणना के दाैरान व समूहों में एकत्रित लाेगाें से काेराेना फैलने का डर बना हुआ है। ऐसे में चुनावों काे लेकर संशय खड़ा हाे रहा है। हालांकि, राज्य निर्वाचन विभाग के शासन सचिव श्याम सिंह राजपुरोहित का कहना है कि चुनाव संवैधानिक कार्य है, सरकार ही चुनावों काे लेकर निर्णय लेती है।
काेराेना के डर के साए में निगम के चुनाव हुए ताे मतदान प्रतिशत काफी कम रहने की आशंका भी है। इस बीमारी काे लेकर केंद्र व राज्य सरकार की ओर से जारी एक जगह पर बड़ी संख्या में एकत्रित नहीं हाेने, हाथ नहीं मिलाने जैसी हिदायताें का उल्लंघन हाेने का भी अंदेशा है। उधर, जयपुर में मिले तीन रोगियों की हालत में सुधार है। शुक्रवार को तीन नए संदिग्ध एसएमएस में भर्ती हुए। देश में कोरोना पीड़ितों की संख्या 81 हो गई है।
कोरोना के कारण 26 तक सदन स्थगित करता हूं, सीएम और हम चिंतित : जोशी
विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा, ' आप स्वयं जानते हैं कि पूरा देश आज कोरोना वायरस के बारे में चिंतित है। मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है। इसे देखते हुए मैं सदन की कार्यवाही 26 तक के लिए स्थगित करता हूं। 26 मार्च को प्रात: 11 बजे सदन की कार्यवाही होगी। '
चुनाव पर सरकार फैसला लेती है, हमारा काम तो बस चुनाव करवाना है : चुनाव आयोग
राज्य निर्वाचन विभाग शासन सचिव श्याम राजपुरोहित ने कहा- चुनाव संवैधानिक कार्य है, सरकार ही चुनावों काे लेकर निर्णय लेती है। विभाग का काम स्वतंत्र रूप से तय समय के अनुसार चुनाव कराना है। काेराेना पर जिला निर्वाचन अफसरों से बात करेंगे। वे सिर्फ चुनाव प्रक्रिया पूरी करने के लिए हैं, अन्य फैसला नहीं ले सकते।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.