पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
पटना. केंद्र ने कोरोनावायरस को अधिसूचित आपदा घोषित कर दिया है। इसके साथ ही नेपाल, भूटान, बंगलादेश तथा म्यांमार के लिए सड़क मार्ग से आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। पटना से काठमांडू और जनकपुर की बस सेवा भी 15 दिनों के लिए स्थगित कर दी गई है। भारत-बांग्लादेश ट्रेन अगले आदेश तक बंद रहेगी। नेपाल तथा भूटान की सीमा पर आवाजाही दोनों देशों के नागरिकों लिए नहीं, बल्कि तीसरे मुल्क के नागरिकों के लिए प्रतिबंधित रहेंगी। केंद्रीय कैबिनेट सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार को बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर जोगबनी इमीग्रेशन केंद्र काे विदेशी यात्रियों के लिए बंद कर दिया गया है। लेकिन रक्सौल इमीग्रेशन केंद्र काम करता रहेगा। इधर, बिहार के 3 जिलों बक्सर, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर में धारा 144 लागू कर दी गई है।
प्रदेश के जेलों में बंद कैदियोें से मुलाकात करने पर लगी रोक
कोरोना को लेकर जेलों में बंद कैदियों से बाहरी लोगों के मुलाकात करने पर रोक लगा दी गई है। इस संबंध में जेल आईजी मिथिलेश मिश्र ने राज्य के सभी जेल अधीक्षकों को आदेश जारी कर दिए हैं। इसके तहत अगले एक सप्ताह तक मुलाकाती अपने कैदियों से नहीं मिल सकेंगे।
पुलिस अफसरों व जवानों की ट्रेनिंग भी 31 तक रोक दी गई
कोरोना को लेकर पुलिस अफसर व जवानों की ट्रेनिंग अगले 31 मार्च तक रोक दी गई है। इस संबंध में शनिवार को आईजी (मुख्यालय) ने बीएमपी के डीजी, डीजी (ट्रेनिंग) आैर बिहार पुलिस अकादमी के निदेशक (एडीजी) को लिखा है।
भाजपा-हम की बैठक टली
काेराना से भाजपा ने राजगीर में 20, 21 व 22 मार्च को होने वाले कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर को स्थगित कर दिया है। वहीं, हम ने 14 और 15 मार्च को हाेने वाली राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक स्थगित कर दी है।
रेरा ने 31 तक स्थगित की सुनवाई
रेरा ने 31 मार्च तक सभी केस की सुनवाई स्थगित कर दी है। रेरा के अध्यक्ष अफजल अमानुल्लाह ने बताया कि कोरोना के खतरे को देखते हुए 16 से 31 मार्च के बीच के मामलों की सुनवाई को स्थगित कर दिया गया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.