पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

2 रिसॉर्ट में ठहरे एमपी के विधायकों ने साथ में लंच किया, दोपहर में मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन किए; शाम को गहलोत मिलने पहुंचे

एक वर्ष पहलेलेखक: विष्णु शर्मा
  • कॉपी लिंक
मुख्यमंत्री गहलोत विधायकों से मिलने ट्री हाउस रिसॉर्ट पहुंचे। - Dainik Bhaskar
मुख्यमंत्री गहलोत विधायकों से मिलने ट्री हाउस रिसॉर्ट पहुंचे।
  • रविवार को जयपुर में ठहरे कांग्रेस विधायक भोपाल के लिए रवाना होंगे
  • शुक्रवार को सभी विधायकों को खाटूश्याम दर्शन के लिए ले जाया गया था

जयपुर. मध्यप्रदेश में जारी सियासी उथल-पुथल के बीच कांग्रेस के 82 विधायकों को जयपुर के दो रिसॉर्ट में ठहराया गया है। जयपुर के ब्यूना विस्टा रिसॉर्ट में 44 और ट्री हाउस रिसॉर्ट में 38 विधायकों को रखा गया है। आम दिनों में खासे व्यस्त रहने वाले विधायकों में से कुछ शनिवार सुबह देर से जागे। नाश्ते के बाद ट्री हाउस रिसॉर्ट में ठहरे सभी 38 विधायक लंच के लिए ब्यूना विस्टा पहुंचे। लंच के दौरान एमपी के विधायक उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक के साथ हंसी-मजाक करते नजर आए। विधायकों ने मध्यप्रदेश की स्थिति पर चर्चा की और एकजुट रहने की बात भी कही।


लंच के बाद सभी कांग्रेस विधायक 2 बसों में सवार होकर रिसॉर्ट से निकले। मंत्री सुरेंद्र बघेल और विधायक रजनीश कुमार भारी सुरक्षा के बीच विधायकों के साथ थे। उनके कार्यक्रम के बारे में किसी को जानकारी नहीं दी गई थी। बाद में पता चला कि विधायक मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करने गए थे। लौटने के बाद सभी विधायक शाम को एक बार फिर ब्यूना विस्टा रिसॉर्ट में इकठ्ठे हुए, जहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विधायकों से मुलाकात करने पहुंचे।

शुक्रवार को खाटू श्याम और सालासर बालाजी के दर्शन किए थे
शुक्रवार को कांग्रेस विधायक सुबह जल्दी जाग गए थे। कई विधायक रिसॉर्ट में टहलते नजर आए। नाश्ता करने के बाद सभी विधायक पहले से तैयार खड़ीं बसों में सवार होकर रिसॉर्ट से निकले। इस दिन विधायकों ने खाटू श्याम के दर्शन किए।इसके बाद, विधायक वहीं से सालासर रवाना हो गए। शाम को सभी ने सालासर बालाजी के दर्शन किए। वहां मौजूद मीडिया से विधायकों ने कहा- वे सरकार की स्थिरता के लिए भगवान से प्रार्थना करने गए थे।

गुरुवार को तीरंदाजी की, दाल-बाटी खाई
जयपुर के दोनों ही रिसॉर्ट में विधायकों के मनोरंजन के लिए अच्छे-खासे इंतजाम किए गए हैं। कुछ विधायकों ने गुरुवार को तीरंदाजी की। गुरुवार दोपहर को लंच में उन्हें राजस्थान का प्रसिद्ध व्यंजन दाल-बाटी-चूरमा परोसा गया। ट्री-हाउस और ब्यूना विस्टा रिसॉर्ट में रुके विधायक दिनभर हंसी-मजाक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने में व्यस्त रहे।

दोनों रिसॉर्ट में हर लग्जरी सुविधा उपलब्ध
दोनों रिसॉर्ट के पास दूर-दूर सिर्फ रेत के टीले नजर आते हैं। इनके नजदीक कोई गांव भी नहीं है। एक दिन के लिए ब्यूना विस्टा रिसॉर्ट के एक कमरे का किराया करीब 19 से 21 हजार रुपए है। यह रिसॉर्ट हैरिटेज स्टाइल में बना है। वहीं, ट्री हाउस रिसॉर्ट में कमरे का किराया कम से कम 10 हजार रुपए है। यहां कुछ कमरे पेड़ों पर बनाए गए हैं। इसमें गोल्फ से लेकर टेनिस खेलने तक की व्यवस्था है। विधायकों की मौजूदगी के चलते दोनों रिसॉर्ट आम लोगों के लिए बंद कर दिए गए हैं। अन्य लोगों की बुकिंग भी कैंसल कर दी गई है।

खबरें और भी हैं...