कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार घोटालों, जुमलों और महलों की सरकार है, जिसे उखाड़ने के लिए प्रदेश की जनता तैयार है। वह शनिवार को राहुल गांधी के जयपुर दौरे के दौरान पार्टी की ओर से आयोजित सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के एक आदेश पर सभी कांग्रेस के नेता, कार्यकर्ताओं ने मिलकर राज्य सरकार को लगातार उपचुनाव में हराने का काम किया है। पायलट ने कहा कि राहुल गांधी के रोड शो को लंबे समय तक याद किया जाएगा। प्रदेश में पौने पांच साल तक राज करने वाली वसुंधरा सरकार के पाप का घड़ा भर चुका हैं। सीएम गौरव यात्रा के नाम पर जनता की गाढ़ी कमाई को बरबाद किया जा रहा है, उसे बर्दास्त नहीं किया जा सकता। सरकारी खर्च पर पहले पीएम की लाभार्थी सभा कराई गई, उसे बाद वह खुद गौरव यात्रा पर निकली है।
आज जिस तरह का कांग्रेस के पक्ष में माहौल है, उससे न केवल राजस्थान बल्कि 2019 में भी केंद्र में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी। प्रदेश प्रभारी अविनश पांडे ने मेरा बूथ मेरा मेरा गौरव अभियान, प्रोजेक्ट शक्ति के बारे में विस्तार से बताया। इन दोनों अभियान से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ है। जबकि शहर के जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि भाजपा सरकार से अब याचना नहीं सीधे रण होगा। खान से लेकर कई घोटाले कर चुकी हैं। अब समय आ गया है कि इस सरकार को कांग्रेस कार्यकर्ता उखाड़ फेंके।
राजस्थान में मॉब लिचिंग : गहलोत
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी का जयपुर से विशेष लगाव है। उसे आज देखने को भी मिला। उन्होंने कहा कि जब गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया पिछली बार यात्रा निकाल रहे थे। उस समय मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पार्टी तोड़ने की धमकी दी थी। आज भाजपा ने उन्हीं को ही मुख्यमंत्री का चेहरा बना दिया है। भाजपा सरकार में मॉब लिचिंग जनता परेशान है।
प्रदेश में राहुल गांधी कुछ नहीं कर सकते - सैनी
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी व ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी के जयपुर में हुए रोड़ शो एवं रामलीला मैदान में हुई सभा को देखकर कांग्रेस में ही निराशा है। उन्होंने कहा कि उनकी सभा की जो भीड़ है इतनी भीड़ तो ‘‘राजस्थान गौरव यात्रा’’ के छोटे से स्वागत कार्यक्रम में देखने को मिल जाती है। राहुल गांधी राजस्थान में आकर कुछ नहीं कर सकते है। यहां पर इनके मुख्यमंत्री के दावेदार ही आपस में लड़-झगड़ रहे है, उनको एक करने के लिए लिए मंच पर दिखाने को अशोक गहलाेत एवं सचिन पायलट को गले तक मिलाना पड़ा।
एक कार्यकर्ता का हंगामा
कांग्रेस सेवादल के एक कार्यकर्ता ने राहुल गांधी के भाषण के दौरान ही हंगामा करना शुरू कर दिया। वह राहुल के सामने 20 बिंदुओं पर बोलना चाह रहा था। वह भाजपा सरकार की नाकामियां गिना रहा था, लेकिन सेवादल के दूसरे कार्यकर्ताओं ने बमुश्किल उसे शांत कराया।
चार नेताओं ने दिया भाषण
मंच पर केवल चार नेताओं का ही भाषण हुआ। उसमें शहर जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, पूर्व सीएम अशोक गहलोत और प्रदेश अध्यक्ष सचिन शामिल थे। जबकि मंच पर 40 नेताओं की मौजूदगी रही। मंच का संचालन सह प्रभारी विवेक बंसल ने किया।