पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
जयपुर. जयपुर के ब्यूना विस्टा रिसॉर्ट में ठहरे मध्यप्रदेश के विधायक शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बसों में बाहर निकले। बताया जा रहा है कि सभी विधायकों को खाटूश्याम दर्शन के लिए ले जाया गया। इसके साथ ही शाम को सभी सालासर बालाजी के दर्शन के लिए भी पहुंचे। इस दौरान पुलिस के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। बस के साथ पुलिस की गाड़ियां भी हैं। शाम तक सभी विधायकों का रिसॉर्ट वापस लौटने का कार्यक्रम है। मध्य प्रदेश में मचे हुए सियासी घमासान के बीच कांग्रेस ने विधायकों को जयपुर शिफ्ट किया है। जयपुर में ब्यूना विस्टा रिसॉर्ट में 44 विधायकों को वहीं ट्री हाउस रिसॉर्ट में 38 विधायक रखे हुए हैं।

दोनों ही रिसॉर्ट में विधायकों के मनोरंजन के काफी इंतजाम किए गए हैं। इसमें कुछ विधायकों ने गुरुवार को तीरंदाजी भी की। गुरुवार दोपहर में लंच में उनके लिए दाल बाटी चूरमे का कार्यक्रम रखा गया। ट्री-हाउस और ब्यूना विस्टा रिसॉर्ट पहुंचे नेता दिनभर हंसी मजाक और पारंपरिक कार्यक्रमों में व्यस्त रहे। उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत और मुकुल वासनिक विधायकाें से हंसी-मजाक करते नजर आए। ब्यूना रिसोर्ट में सभी कांग्रेसी विधायकों काे एक जगह बैठाकर हौसला हफजाई की गई। सभी काे एकजुट रहने के लिए कहा गया। वरिष्ठ कांग्रेसियों ने कांग्रेस की विचारधारा त्याग और बलिदान जैसी बाताें से विधायकों काे मोटिवेट भी किया।
दोनों रिसॉर्ट में हर लग्जरी सुविधा उपलब्ध
दोनों रिसॉर्ट में दूर-दूर सिर्फ रेत के टीले नजर आते हैं। यहां आसपास कोई गांव भी नहीं है। ब्यूना विस्टा का एक कमरा एक दिन के लिए करीब 19 से 21 हजार रुपए में मिलता है। यह रिसॉर्ट राजस्थान हैरिटेज स्टाइल में बना है। वहीं, ट्री हाउस रिसॉर्ट में कम से कम 10 हजार रुपए किराया है। इसमें कुछ कमरे पेड़ों पर बनाए गए हैं। इसमें गोल्फ से लेकर टेनिस खेलने की भी व्यवस्था है। विधायकों के चलते दोनों होटलों को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं, दूसरी बुकिंग भी कैंसिल कर दी गई हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.