पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
जयपुर. प्रदेश के जयपुर, जोधपुर और कोटा में नवगठित छह नगर निगमों में आम चुनाव का आगाज हो गया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त पीएस मेहरा ने गुरुवार को एक प्रेस कॉफ्रेंस में चुनाव की तारीखों की घोषणा करते हुए कहा कि इन छह नगर निगमों के लिए 5 अप्रेल, रविवार को मतदान होगा। इसके दो दिन बाद 7 अप्रेल को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरु होगी।
इससे पहले 19 मार्च को अधिसूचना जारी होगी। इसके बाद 23 मार्च तक सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन वापस लेने की तिथि 26 मार्च, गुरुवार है। इसके बाद 27 मार्च 2020 को चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त मेहरा के मुताबिक 5 अप्रेल को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।
महापौर के लिए 16 अप्रेल को होंगे चुनाव
पीएस मेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि इन 6 नए नगर निगमों के महापौर के लिए निर्वाचित पार्षदों द्वारा 16 अप्रेल, गुरुवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के बाद मतगणना होगी। इसके बाद रिजल्ट जारी होगी। इससे पहले महापौर के चुनाव के लिए 8 अप्रेल को अधिसूचना जारी होगी। इसके बाद 9 अप्रेल नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि होगी। इसके बाद 13 अप्रेल तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। इसके तुरंत बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
उपमहापौर के लिए 17 अप्रेल को होगा चुनाव
इसी तरह, निगम मुख्यालय में ही उपमहापौर के लिए 17 अप्रेल को निर्वाचित सदस्यों (पार्षदों) द्वारा चुनाव होगा। इसके लिए सुबह 10 बजे बैठक प्रारंभ होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किया जा सकेगा। दोपहर 2 बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे और इसके बाद जरुरी हुआ तो दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच मतदान होगा। इसके तुरंत बाद उपमहापौर की घोषणा हो सकेगी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.