- Hindi News
- National
- Jaipur News Rajasthan News 2000 New Village Service Cooperative Societies Will Be Formed And 10 Lakh Farmers Will Join Cooperatives
2000 नई ग्राम सेवा सहकारी समितियों का हाेगा गठन और 10 लाख किसान सहकारिता से जुडेंगे
सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने गुरूवार को विधानसभा में कहा कि सीएम अशोक गहलोत द्वारा सहकारी बैंकों के समस्त बकाया फसली ऋण माफी से प्रदेश के लगभग 21 लाख किसानों को लाभ मिला है। आगामी 4 वर्षों में 2 हजार नई ग्राम सेवा सहकारी समितियों के गठन से 10 लाख किसान सहकारिता से जुड़ेगें एवं उन्हें सहकारिता की योजनाओं का लाभ मिलेगा। आंजना सदन में सहकारिता की अनुदान मांगाें पर जवाब दे रहे थे। उन्हाेंने कहा कि ऑनलाइन तरीके से नए फसली ऋण वितरण की शुरूआत हुई है। एक वर्ष में 8 लाख से अधिक नए किसानों को जोड़ा गया है। किसानों से खरीद पर््रक्रिया आसान हुई है तथा किसानों को तीन दिन में उनकी उपज का भुगतान किया गया है। आंजना ने सदन में सहकारी बैंकों में डिजिटल पेमेन्ट को बेहतर बनाने के लिए आगामी वर्ष 2020-21 में मोबाइल बैंकिंग सेवा, पीएफएमएस सेवा, भारत बिल पेमेन्ट सिस्टम सेवा, 11 रेलवे स्टेशन पर अपेक्स बैंक के एटीएम की स्थापना, एनपीसीआई से सीधी सदस्यता प्राप्त कर एटीएम संचालन करने,1 हजार एटीएम स्थापित करने तथा अपेक्स बैंक की सभी शाखाओं में मल्टी फंक्शन कियोस्क के शुभारम्भ की घोषणा की।
आंजना ने कहा- सहकारी संस्थाओं के चुनाव नियमित कराए जाएंगे
सहकारिता मंत्री ने सदन में घोषणा करते हुए कहा कि सहकारी संस्थाओं के चुनाव नियमित रूप से कराए जाएंगे। पंचायती राज चुनाव के बाद करीब 14 हजार सहकारी संस्थाओं में चुनाव होंगे। ग्राम सेवा सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली में सुधार एवं अनियमितिताओं को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाएगा। इसके लिए सहकारिता अधिनियम में भी बदलाव होगा। उन्हाेंने कहा कि पिछली सरकार ने ऋण माफी के नाम पर मात्र 2 हजार करोड़ रूपए का प्रावधान किया था तथा शेष 6 हजार करोड़ रुपए की व्यवस्था हमारी सरकार ने कर किसानों को पूरा लाभ दिया।