- Hindi News
- National
- Jaipur News Rajasthan News Bike On Speed Of 120 Accident Two Dead Two Wounded
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
120 की स्पीड पर बाइक...हादसा, दो मरे, दो घायल
जयपुर | टोंक रोड इंडिया गेट के पास जेब्रा क्रॉसिंग पार करने डिवाइडर से उतरे दो मजूदरों को तेज रफ्तार पल्सर सवार दो इंजीनियरिंग छात्रों ने चपेट में ले लिया। एक मजदूर करीब 15 फीट ऊंचा उछलकर गिरा और पल्सर करीब 80 फीट तक घिसटती गई। पल्सर की रफ्तार करीब 120 किमी. प्रतिघंटे थी। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। पल्सर सवार दोनों छात्र घायल हुए हैं। घटना बुधवार रात 9 बजे सांगानेर सदर थाने के सामने की है। पुलिस ने मृतक बिहार निवासी रतनेश कुमार और यूपी निवासी अमीचंद के शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवाया है। जबकि मोटरसाइकिल सवार घायल देवली निवासी आदित्य व नितिन का इलाज जारी है। पुलिस ने मोटरसाइकिल जब्त कर, मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि इंडिया गेट के पास किराये से रहने वाले रतनेश कुमार व अमीचंद सीतापुरा में चौधरी फैशंस फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। दोनों बुधवार रात 9 बजे फैक्ट्री से कमरे पर जा रहे थे। इस दौरान इंडिया गेट सांगानेर सदर थाने के पास जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार करने के लिए डिवाइडर से जैसे ही उतरे तो इंडिया गेट की तरफ से तेज रफ्तार में पल्सर बाइक आई। पल्सर टोंक निवासी आदित्य जोशी चला रहा था, पीछे नितिन बैठा था। बाइक कंट्रोल नहीं हो पाई और रतनेश व अमीचंद से टकरा गई। ऐसे में रतनेश कुमार करीब 15 फीट ऊंचा उछलने के बाद गिर गया और अमीचंद कुछ दूरी पर गिरा। पल्सर 80 फीट घिसटने के बाद रुकी। आदित्य व नितिन बाइक के साथ फिसलते गए। हादसे में रतनेश, अमीचंद, आदित्य व नितिन गंभीर घायल हो गए। घटना के बाद लोग इकट्ठे हो गए और पुलिस को बुलाया। सभी घायलों को उपचार के लिए हॉस्पिटल में पहुंचाया। जहां पर उपचार के दौरान रतनेश व अमीचंद ने दम ताेड़ दिया। आदित्य व नितिन का इलाज जारी है।
जांच में सामने आया कि आदित्य व नितिन इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र हैं और दाेनों काॅलेज के हॉस्टल में रहते हैं। खाना लेने कुंभा मार्ग जा रहे थे।
टोंक रोड पार कर रहे थे दो मजदूर, बाइक संभाल नहीं पाए और जा टकराए