किडनी स्वस्थ रखने के लिए अधिक पीएं पानी
जयपुर| किडनी रोग दुनिया में मौत का छटा सबसे बड़ा कारण है। डायबिटीज व ब्लडप्रेशर किडनी खराब होने की बड़ी वजह बन रहे है। किडनी के सबसे ज्यादा रोगी मध्यम आयु वर्ग में देखे जा रहे हैं। यह जानकारी किडनी प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डाॅ. टीसी सदासुखी तथा गुर्दा रोग विशेषज्ञ डाॅ. सूरज गोदारा ने दी। वे गुरुवार को महात्मा गांधी अस्पताल में विश्व किडनी दिवस के अवसर पर आयोजित किडनी जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित रहे थे। महिलाओं में भी किडनी की खराबी अब अधिक देखी जा रही है। महिलाओं में जोडों के दर्द एवं गर्भावस्था में दर्द निवारक दवाओं के अधिक प्रयोग से भी किडनी खराब होने लगती है। डाॅ. सूरज गोदारा ने कहा कि डायबिटीज व हायपरटेंशन सायलेंट किलर साबित हो रहे हैं। विडंबना यह है कि इन साइलेंट किलर्स की वजह से दोनों किडनियां 90 प्रतिशत तक खराब हो जाती है।
डाॅ. गोदारा ने कहा कि किडनी रोग से बचाव के लिए ब्लडप्रेशर व शुगर पर कंट्रोल रखें। रोज आठ से दस गिलास पानी पीयें तथा धूम्रपान व मद्यपान से बचे। उन्होंने दर्द निवारक दवाएं केवल चिकित्सक की सलाह पर ही लेने का सुझाव भी दिया।