पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Jaipur News Rajasthan News First Time Cinema Hall Closed Loss Of 20 Crores Till 30th March Shooting Of Films Postponed

पहली बार बंद हुए सिनेमा हाॅल, 30 मार्च तक 20 कराेड़ का नुकसान, फिल्माें की शूटिंग टली

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

प्रदेश में पहली बार कोरोना ने करीब 300 सिनेमा हॉल पर ताले लटकवा दिए हैं। राजस्थान के लिए यह पहला मौका है जहां एक साथ पूरे सिनेमा हॉल पर ताला लगा है। कोरोना के चलते राजस्थान फिल्म उद्योग को पहले दिन करीब 1 करोड़ का नुकसान हुआ। 30 मार्च तक अगर यह सभी सिनेमाघर बंद रहते हैं तो राजस्थान को करीब 20 करोड़ का नुकसान झेलना पड़ेगा। इसकी 60 परसेंट कमाई अकेले जयपुर के 65 स्क्रीन से होती है। राज्य सरकार के आदेश अनुसार फिलहाल 30 मार्च तक यह सिनेमा हॉल बंद रहेंगे। गौरतलब है कि शहर के कुछ सिनेमा हॉल पर वीकेंड के चलते लोगों का आना जाना लगा रहा, लेकिन बैरंग वापस लौटना पड़ा। हालांकि अधिकांश सिनेमाघर मॉर्निंग में कुछ समय के लिए ओपन कर दिए गए थे, लेकिन सूचना मिलने के बाद पूरी तरह से बंद कर दिए गए।

60% कमाई अकेले जयपुर
की 65 स्क्रीन
से होती है।


10 साल पहले स्ट्राइक की वजह से कुछ घंटों के लिए हुए थे सिनेमा हॉल बंद

राजस्थान फिल्म ट्रेड एंड प्रोमोशन काउंसिल के महासचिव राज बंसल ने बताया कि राजस्थान के लिए यह पहला मौका है, जहां गवर्नमेंट के आदेश पर सभी सिनेमा हॉल बंद हुए हैं। इस महामारी से निपटने के लिए सरकार का यह सही कदम है। हालांकि, करीब 10 साल पहले भी स्ट्राइक के चलते सिनेमाघर बंद हुए थे, लेकिन कुछ घंटों के लिए। कोरोना की वजह से राजस्थान टूरिज्म ही नहीं 4 बॉलीवुड फिल्में और कई सीरियल्स की शूटिंग भी प्रभावित हुई हैं। राजस्थान में फिलहाल कोई शूटिंग नहीं चल रही हैं, जो हो रही थी वो भी स्थगित कर दी गई है जिनका वापस राजस्थान में लौटना मुश्किल है।

इन दो बॉलीवुड फिल्मों की होनी थी शूटिंग

प्रदेश में दो बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग होनी तय थी। इसमें एक करण जौहर की ‘तख्त\\\' और दूसरी यशराज प्रोडक्शन के तहत राजा पृथ्वीराज चौहान पर बेस्ड फिल्म ‘पृथ्वीराज’ शामिल थी। इन दोनों फिल्मों की लोकेशन तय हो गई थी और कुछ दिनों बाद शूटिंग शुरू होनी थी। लेकिन कोरोना के चलते दोनों ही फिल्मों की शूटिंग पोस्टपोंड हो गई है। ‘तख्त’ में रणवीर सिंह, विकी कौशल, अनिल कपूर, आलिया भट्ट, भूमि पेडनेकर, करीना कपूर और जाह्नवी कपूर दिखाई देंगे। वहीं पृथ्वीराज में मानुषी छिल्लर अक्षय कुमार के साथ संयोगिता का रोल निभाएगी।

इन फिल्मों-सीरियल्स की चल रही थी शूटिंग

कोरोना से पहले प्रदेश की राजधानी में मशहूर निर्देशक अनीस बज्मी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘भूल भूलैया 2’ और बीकानेर में ‘भुज’ फिल्म की शूटिंग चल रही थी। इसके तहत बॉलीवुड स्टार्स का आना-जाना लगा हुआ था। वहीं 6 से अधिक टीवी सीरियल, वेब सीरिज और साउथ फिल्मों की राजस्थान की अलग-अलग लोकेशन पर शूटिंग चल रही थी।

कोरोना से प्रदेश में पहली बार 300 सिनेमा हॉल पर लगे ताले, इनमें जयपुर के 65 स्क्रीन शामिल, 10 साल पहले भी कुछ घंटों के लिए बंद हुए थे सिनेमा हॉल

खबरें और भी हैं...