- Hindi News
- National
- Jaipur News Rajasthan News Hackers May Fall Prey To The Temptation Of Free Wi Fi
फ्री वाई-फाई के लालच में हैकर्स के शिकार हो सकते हैं
जगह-जगह फ्री में उपलब्ध होने वाले पब्लिक वाई-फाई का इस्तेमाल करना आपको महंगा पड़ सकता है। इसका इस्तेमाल करें, लेकिन कुछ बातों का ध्यान रखते हुए बहुत सावधानी के साथ।
बैंक खाते तक पहुंच जाते हैं हैकर्स
शातिर हैकर्स आपके मोबाइल से जुड़कर आपके ईमेल, बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, पासवर्ड, ट्राजेक्शन पासवर्ड (यदि मोबाइल में सेव है तो) तक पहुंच जाते हैं। फिर इंटरनेट से आपकी जासूसी कर आपसे लिंक स्थापित करने का प्रयास करेंगे, जिसमें आप आसानी से फंस सकते हैं। शातिर हैकर्स आपके खाते से राशि भी ट्रांस्फर कर सकते हैं। यह एक साइबर क्राइम है, लेकिन साइबर अपराधी को पकड़ना थोड़ी जटिल प्रक्रिया होती है। पुलिस की साइबर सेल में शिकायत करने के बाद अपराधी को पकड़ने में लंबा वक्त लग सकता है।
इन स्थानों पर आप हैकर्स के जाल में फंस सकते हैं
आज कॉफी शॉप, होटल, शॉपिंग मॉल, हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन और कई अन्य स्थानों पर सार्वजनिक वाई-फाई की सुविधा मुफ्त दी जा रही है। अगर आप भी राह चलते, उठते-बैठते फ्री वाई-फाई कनेक्शन का इस्तेमाल करते हैं तो सावधान हो जाएं। यह न सिर्फ आपका डेटा चुरा सकता है, बल्कि हमेशा के लिए आपके फोन, टैबलेट और लैपटॉप को नुकसान भी पहुंचा सकता है। घबराएं नहीं, इससे बचना इतना मुश्किल भी नहीं है। कुछ उपाय कर आप अपने सोशल अकाउंट्स और अन्य जानकारियां सुरक्षित रख सकते हैं।
(अन्य जानकारी के लिए विजिट करें- www.sabkuch.net)
अधिकांश लोगों को यह अहसास नहीं होता कि मुफ्त सार्वजनिक वाई-फाई उनके लिए सुरक्षित नहीं है। ज्यादातर लोग मुफ्त वाई-फाई के लालच में पड़कर हैकर्स के शिकार हो जाते हैं। उनका डेटा चुरा लिया जाता है, उनकी गोपनीय जानकारी फिर गोपनीय नहीं रह पाती। कई बार लॉगइन करने के लिए आपसे पासवर्ड पूछा जाता है और आप बेहिचक पासवर्ड डालकर फ्री इंटरनेट से जुड़ जाते हैं। इसलिए, यदि आप पर्याप्त सुरक्षा के बिना सार्वजनिक वाई-फाई का उपयोग करते हैं, तो आप जोखिम उठा रहे हैं। जब आप अपने घर के अंदर होते हैं तो इंटरनेट एक्सेस करना आमतौर पर कोई समस्या नहीं होता, वह सुरक्षित है। लेकिन, एक ‘मुफ्त सार्वजनिक वाई-फाई नेटवर्क’ आपकी व्यक्तिगत जानकारी के लिए सुरक्षित नहीं है। आप नहीं जानते कि इसे किसने स्थापित किया है या कौन इसे कनेक्ट कर रहा है अथवा कौन इसकी निगरानी कर यूजर्स की लिस्ट बना रहा है। फ्री वाई-फाई की सुविधा वाली इस सीरीज में हम आपको इससे होने वाले नुकसान के बारे में तो बताएंगे ही, सावधानी के साथ इसे कैसे इस्तेमाल करना चाहिए, उसकी जानकारी भी देंगे।