- Hindi News
- National
- Jaipur News Rajasthan News How Many Appointments Were Made Out Of 75 Thousand Recruitments Of Gehlot In The Last Budget Kalla Stuck On The Question
पिछले बजट में गहलोत की 75 हजार भर्तियों में से कितनी नियुक्तियां हुईं.. सवाल पर फंस गए कल्ला
सरकारी भर्तियों के सवाल पर ऊर्जा मंत्री डाॅ. बी डी कल्ला को विपक्ष ने घेरा। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने कहा- मंत्री जी आप भटकाओ मत। मुझे सीधा सीधा जवाब दे दो.. कि पिछले बजट में सीएम अशोक गहलोत ने 75 हजार सरकारी भर्तियों की घोषणा की थी। उसमें से आपने अब तक कितनी नियुक्तियां दे दी, कितने के विज्ञापन जारी कर प्रक्रिया शुरू की। यह सुन कल्ला पिछली सरकार की भर्तियों से तुलना करने लगे तो फिर विपक्ष ने घेरने का प्रयास किया। एक बारगी कल्ला जवाब नहीं दे पाए। फिर कहा- इस सरकार ने अब तक 35 हजार 209 पदों पर नियुक्तियां दे दी हैं। एक लाख 19 हजार 778 भर्तियां विभिन्न स्तरों पर प्रक्रियाधीन है। पिछली भाजपा नीत सरकार ने तो अंतिम चुनावी साल में वाहवाही के लिए एक लाख भर्तियां जारी कर दी, लेकिन नियुक्ति किसी की नहीं की। मूल प्रश्न संदीप शर्मा का था।
सरकार ने अब तक 35 हजार 209 पदों पर नियुक्तियां दे दी हैं
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पिछली बजट घोषणा में 75 हजार 594 भर्तियों की घोषणा की गई थी। प्रक्रियाधीन भर्तियों में से 24 हजार 797 में परीक्षा परिणाम जारी कर दिए हैं। 592 भर्तियों में साक्षात्कार प्रस्तावित हैं तथा 7 हजार 23 में परीक्षा आयोजित हो चुकी है और परिणाम आना शेष है। इसके अतिरिक्त 25 हजार 936 भर्तियों के लिये विज्ञापन जारी किये जा चुके हैं तथा 7 हजार 281 भर्तियों के लिए विज्ञापन जारी किया जाना शेष है। उन्होंने बताया कि 18 हजार 940 भर्तियों के प्रकरण न्यायालयों में लंबित हैं। पूर्ववर्ती सरकार द्वारा पांच साल में ही कुल 2 लाख 6 हजार 764 भर्तियों की विज्ञप्तियां जारी की गई थीं। जिसमें से नियुक्तियां मात्र एक लाख 4 हजार 482 पदों पर दी गई। 33 हजार 829 विद्यालय सहायकों की नियुक्ति के लिए जारी विज्ञापन को भी पूर्व सरकार द्वारा ही वापस लिया गया था।
कल्ला ने कहा- बीजेपी सरकार ने अंतिम साल में एक लाख भर्तियों के विज्ञापन वाहवाही के लिए जारी किए, नौकरी नहीं दी