सजा ठाकुरजी का फूल डोला
जयपुर| रामगंज बाजार स्थित मंदिर श्रीलाडलीजी और सरस निकुंज में फूल डोला मनोहारी झांकी सजाई गई। महंत संजय गोस्वामी के सानिध्य में सजी झांकी में श्रीलाडली जी अष्ट सखियों सहित फूलों के भव्य हिंडोलो में विराजमान हुई। इस अवसर पर समाज पद गायन कीर्तन में री नवरंग, चितवन में कुछ टोना किशोरी तेरे...जैसे समाज पद गायन हुआ। इसी प्रकार, श्री सरस निकुंज दरीबापान में फूल-डोल महोत्सव में श्रीठाकुरजी राधा सरस बिहारी जू सरकार की पुष्पों से सजी झूले की झांकी सजी। परिकर के वैष्णव भक्तजनों ने मधुर संगीतमय पदावलियों फूल डोल झूलत प्रिय गौरी...चिरजीवो मेरे दौऊ कुंज बिहारी ...जैसे पदों का गायन किया गया। साथ ही पीठाचार्य अलबेली माधुरीशरण महाराज के संरक्षण में बसंत महोत्सव से प्रारम्भ हुए होरी महोत्सव-फाग महोत्सव का विश्राम हुआ।