बच्चों से करें मातृभाषा में बातचीत: योगी
चेटीचंड सिंधी मेला समिति महानगर जयपुर की ओर से मनाए जा रहे चेटीचंड पखवाड़े के अंतर्गत मानसरोवर, रजत पथ स्थित गणेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित भगवान झूलेलाल व गुरु सोमनाथ भक्ति संध्या में सिंधी संगीत व भजनों की बयार बही।
सिद्ध ठाकुर नाथ सेवा समिति के तत्वावधान में भक्ति संध्या से पूर्व महिलाओं की मनोकामनापूर्ण कलश यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर आगरा से आए गुरु पीर डाॅ. शंकरनाथ योगी ने प्रवचन में कहा कि हमारी पुरातन संस्कृति पर हमें गर्व होना चाहिए। अपने बच्चों से मातृभाषा में बात करनी चाहिए। संयोजक पुरुषोत्तम सोनी ने गुरु पीर डाॅ. शंकरनाथ योगी का स्वागत किया। इसके बाद कानपुर के आरके एंड पार्टी ने सिंधी संगीत की रसधार बहाई। भगवान झूलेलाल की 1071 दीपकों से आरती की गई। पल्लव प्रार्थना हुई। भंडारा में सभी समाजबंधुओं ने प्रसादी ग्रहण की। माेहन नानकानी, ईश्वर भावनानी, शाेभा बसंतानी, पूरणमल सुथार, हरीश मेंघानी ने कार्यक्रम में सहयोग दिया।
आयोजनों की कड़ी में शुक्रवार को रवींद्र मंच पर शाम 6 बजे ‘लाल सांई उडेरो लाल’ सिंधी नाटक का मंचन किया जाएगा। सिन्धी भजन, पल्लव, सिन्धी नृत्यों के माध्यम से भगवान झूलेलाल की जीवनी को जीवंत करने की चेष्टा की गई है।