- Hindi News
- National
- Jaipur News Rajasthan News Today Is The Last Day To Submit Jee Main Application
जेईई मेन एप्लीकेशन जमा कराने का आज आखिरी दिन
23 आईआईटी, 31 एनआईटी, 23 ट्रिपल आईटी सहित जीएफटीआई में एंट्रेंस के लिए आज आखिरी दिन है जब जेईई मेन के एग्जाम के लिए अप्लाई कर सकते हैं। इससे पहले ऑनलाइन अप्लाई करने की अंतिम तिथि 6 मार्च निर्धारित की गई थी। लेकिन एनटीए ने नए शेड्यूल के अनुसार तारीख को बढ़ा कर 12 मार्च कर दिया है। जहां आप शाम 5 बजे तक फॉर्म व रात 11:50 तक फीस जमा करा सकते हैं।
13 से 16 तक करा सकेंगे आवेदन में सुधार
शेड्यूल के मुताबिक जेईई मेन ऑनलाइन एग्जाम 5, 7, 9 और 11 अप्रैल को होंगे। रिजल्ट 30 अप्रैल को आएगा। साथ ही आवेदन में सुधार 13 से 16 मार्च तक कराया जा सकेगा। स्टूडेंट को एडिशनल फीस देनी होगी, जाे कीमत उस ही समय नजर अाएगी। जेईई मेन जनवरी और जेईई मेन अप्रैल के मार्क्स के आधार पर रैंक लिस्ट जारी होगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को जेईई एडवांस में बैठने का मौका मिलेगा। 2.5 लाख स्टूडेंट्स का चयन जेईई एडवांस में बैठने के लिए होगा। जेईई मेन 2020 परीक्षा के बाद रैंकिंग तय की जाएगी।
जेईई एडवांस का ब्रोशर जारी, ऑनलाइन आवेदन 1 मई से
इसी कड़ी में जेईई एडवांस परीक्षा का ब्रोशर जारी हो गया है। जेईई एडवांस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 मई की सुबह 10 बजे से शुरू होगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 मई की शाम 5 बजे तक चलेगी। फीस जमा कराने की अंतिम तारीख 7 मई की शाम 5 बजे तक होगी। जेईई एडवांस के लिए आवेदन 3 हिस्सों में पूरा होगा। पहले हिस्से में बेसिक रजिस्ट्रेशन होगा, दूसरे में डॉक्यूमेंट्स अपलोड करने होंगे और तीसरे में फीस जमा होगी।