- Hindi News
- National
- Jaipur News Rajasthan News Visa Closed To Foreigners Gitb Canceled The Biggest Event Of The Travel Market Cancellation Of Booking In 5 Thousand Rooms Of Star Category Hotels Crisis On Jobs
विदेशियों को वीजा बंद, ट्रेवल बाजार का सबसे बड़ा इवेंट जीआईटीबी रद्द, सितारा श्रेणी होटलों के 5 हजार कमरों में बुकिंग रद्द... नौकरियों पर संकट
कोरोना ने होटल-टूरिज्म इंडस्ट्री को सबसे बड़ा झटका दिया है। स्मारकों पर घूमने आने वाले पर्यटकों की संख्या गिरकर गिनी-चुनी रह गई है। जयपुर में 19 से 21 अप्रैल तक होने वाले ग्रेट इंडियन ट्रेवल बाजार (जीआईटीबी) को स्थगित कर दिया है। शुक्रवार को पर्यटन विभाग ने फिक्की की राय पर यह निर्णय लिया है। यह ट्रेवल बाजार देश का सबसे बड़ा टूरिज्म मार्ट माना जाता है। वायरस का बड़ा नुकसान बड़ी सितारा होटलों को होने जा रहा है। रही-सही कसर वीजा नहीं पाबंदी ने पूरी कर दी है। ऑफ सीजन में कई बड़ी होटलों के बंद होने के आसार हैं। दो दिन में कई होटलों के यहां मीटिंग होकर स्टाफ कम करने की बातें भी बाहर आई हैं। सितारा कैटेगरी की होटलों में करीब 5 हजार कमरे हैं। ज्यादातर में बुकिंग कैंसिल हैं।
अब तक लगे 3 सबसे बड़े झटके
{जयपुर में 19 से 26 मार्च तक होने वाला वर्ल्ड विल्डरनेस इंवेंट स्थगित, जिसमें करीब 2 हजार देशी-विदेशी डेलिगेट्स आते।
{शाही रेल पैलेस ऑन व्हील्स के अगले 7 टूर रद्द हो चुके। इसमें 140 यूके-यूएस के पर्यटक।
{आमेर महल सहित दूसरे स्मारकों पर पर्यटकों की आवक 60% तक गिरी।
इस साल टैक्स से राहत दी जाए : होटल एसोसिशन
कोरोना ने इंडस्ट्री को तबाह किया है। सरकार हमें राहत और रियायत दे। जितने टूरिज्म क्रमों के ऊपर टैक्स हैं, वे सालभर के लिए खत्म किए जाएं।
-कुलदीप सिंह, प्रेसिडेंट (राटो) और होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन
वीजा बंद करने के बाद तो इंडस्ट्री में कुछ नहीं बचा है। मसला विदेशी टूरिस्ट का तो है ही, अब तो देशी टूरिज्म भी खत्म सा होगा।
नरेंद्र राठौड़, टूरिज्म एक्सपर्ट
सितारा कैटेगरी के करीब 5 हजार कमरे हैं। यहां चाइना, इटली, फ्रेंच आदि से टूरिस्ट आता है, वहीं पर कोरोना का असर ज्यादा है।
-दौलत सिंह, टूरिज्म एक्सपर्ट
होटल इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है। बिजनेश नहीं होगा तो नौकरी वालों का खर्च कैसे निकलेगा। निश्चित ही बड़ा नुकसान है।
-सुनील मेहता, होटेलियर
रणथंभौर में अप्रैल से जून तक रोज 500 से ज्यादा पर्यटक, 30% विदेशी
रणथंभौर जैसी पर्यटन जगहों पर अप्रैल से जून तक की गर्मी में भी रौनक रहती है। यहां रोज 500 से ज्यादा पर्यटक आते हैं। इनमें भी 30% विदेशी आते हैं। वीजा नहीं मिलने की बात से ही होटल इंडस्ट्री में मायूसी आ गई है। राजधानी में भी बड़ी होटलों का यही हाल है, जो तीन दिन पहले तक कोरोना के असर से खुद को दूर बता रही थी। लेकिन अब विदेशियों को वीजा नहीं मिलने की खबर से आहत हैं। बुकिंग धड़ाधड़ रद्द हो रही है।