पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
जयपुर। प्रदेश में सरकार ने कोरोना को महामारी घोषित कर दिया है। कोरोना के कारण अध्यक्ष सीपी जोशी ने विधानसभा 26 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी। प्रदेश के सभी सरकारी व निजी स्कूल, मॉल, सिनेमाहॉल, जिम और कोचिंग सेंटर भी 30 मार्च तक के लिए बंद कर दिए गए हैं।
कोरोनावायरस से बचने को लेकर एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैँ। अभी तक राज्य में कुल 3 लाख लोगों की कोरोना के संक्रमण की स्क्रीनिंग की गई है तथा कोरोना वायरस के संक्रमण के लिए 370 लोगों की जांच की गई है, जिसमें से केवल तीन ही मामले पॉजिटिव पाए गए हैं। पीड़ित मरीजों का इलाज सही दिशा में चल रहा है।
चिकित्सा विभाग का दावा- मलेरिया, स्वाइन फ्लू की दवाइयों से हारेगा कोरोनावायरस
चिकित्सा विभाग ने दावा किया है कि एसएमएस अस्पताल के डॉक्टर्स ने कोरोना पीड़ितों को स्वाइन फ्लू, मलेरिया और एचआईवी की दवाइयां दीं। इसकी वजह से पॉजिटिव केस को काफी खतरे से बचाया जा सका है।
एसीएस, मेडिकल रोहित कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव महिला मरीज को लोपिनाविर 200एमजी/रिटोनाविर 50एमजी का डोज दिन में दो बार दिया गया। इस कॉम्बिनेशन से आईसीएमआर (इंडियन काउंसिल ऑफ़ मेडिकल रिसर्च) भी संतुष्ट था। इसके अलावा पॉजिटिव मरीजों को स्वाइन फ्लू में दी जाने वाली ओस्लेटामिविर और मलेरिया में इस्तेमाल होने वाली दवा क्लोरीकीन दी। इन दवाओं के कॉम्बिनेशन का ही परिणाम रहा कि एक पॉजिटिव महिला की रिपोर्ट निगेटिव आई।
बीजा बंद, 7 इंटरनेशनल फ्लाइट्स में से तीन रद्द
कोरोना का असर अब विदेशों से आने वाली फ्लाइट्स पर आने लगा है। जयपुर एयरपोर्ट पर सात इंटरनेशनल फ्लाइट्स का संचालन होता है, लेकिन शुक्रवार को 4 फ्लाइट्स का ही संचालन हुआ। दो फ्लाइट्स कोरोना वायरस की वजह से अचानक रद्द कर दी गईं। वहीं एक फ्लाइट को बंद कर दिया गया। बाकी इंटरनेशनल फ्लाइट्स में भी यात्रियों की संख्या आधी से भी कम रह गई है। आमदिनों में 180 सीट की इन फ्लाइट्स में हर दिन करीब 160 यात्री सफर करते थे, लेकिन अब करीब 50 ही रहे गए हैं।
रालसा की एडवाइजरी - बुखार, जुकाम में कर्मचारी ड्यूटी न आएं
रालसा ने केन्द्र व राज्य सरकार के स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, तालुका विधिक सेवा समिति व स्थाई लोक अदालत के संबंध में हैल्थ एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा है कि ऑफिस में ऐसा कोई भी अधिकारी या कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं आए जो बुखार, जुकाम व छींक से पीड़ित हो।
यदि ऐसा कोई व्यक्ति है तो उसे तत्काल ऑफिस से बाहर अवकाश पर जाने का निर्देश दिया जाए। रालसा के सदस्य सचिव अशोक कुमार जैन ने बताया कि यह भी निर्देश दिया है कि फ्रंट ऑफिस ड्यूटी पर सभी कर्मचारी विजिटर्स से उचित दूरी बनाकर बातचीत करें।
विदेशियों को वीजा बंद, ट्रेवल बाजार का सबसे बड़ा इवेंट जीआईटीबी रद्द, सितारा श्रेणी होटलों के 5 हजार कमरों में बुकिंग रद्द
कोरोना ने होटल-टूरिज्म इंडस्ट्री को सबसे बड़ा झटका दिया है। स्मारकों पर घूमने आने वाले पर्यटकों की संख्या गिरकर गिनी-चुनी रह गई है। जयपुर में 19 से 21 अप्रैल तक होने वाले ग्रेट इंडियन ट्रेवल बाजार (जीआईटीबी) को स्थगित कर दिया है।
शुक्रवार को पर्यटन विभाग ने फिक्की की राय पर यह निर्णय लिया है। यह ट्रेवल बाजार देश का सबसे बड़ा टूरिज्म मार्ट माना जाता है। वायरस का बड़ा नुकसान बड़ी सितारा होटलों को होने जा रहा है। रही-सही कसर वीजा नहीं पाबंदी ने पूरी कर दी है। ऑफ सीजन में कई बड़ी होटलों के बंद होने के आसार हैं। दो दिन में कई होटलों के यहां मीटिंग होकर स्टाफ कम करने की बातें भी बाहर आई हैं। सितारा कैटेगरी की होटलों में करीब 5 हजार कमरे हैं। ज्यादातर में बुकिंग कैंसिल हैं।
रणथंभौर में अप्रैल से जून तक रोज 500 से ज्यादा पर्यटक, 30% विदेशी
रणथंभौर जैसी पर्यटन जगहों पर अप्रैल से जून तक की गर्मी में भी रौनक रहती है। यहां रोज 500 से ज्यादा पर्यटक आते हैं। इनमें भी 30% विदेशी आते हैं। वीजा नहीं मिलने की बात से ही होटल इंडस्ट्री में मायूसी आ गई है। राजधानी में भी बड़ी होटलों का यही हाल है, जो तीन दिन पहले तक कोरोना के असर से खुद को दूर बता रही थी। लेकिन अब विदेशियों को वीजा नहीं मिलने की खबर से आहत हैं। बुकिंग धड़ाधड़ रद्द हो रही है। इसका असर कम से कम 6 महीने तक बताया जा रहा है। यानी कि अगले टूरिज्म सीजन के शुरुआती महीनों तक।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.