पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
जयपुर. सांगानेर के कृषि नगर में 13 साल के मासूम नितिन की उसके जीजा ने सिर्फ एक लाख रुपए के लिए हत्या कर दी। हैरान करने बात यह है कि हत्या के बाद भी आरोपी जीजा साेनू खींची 3 घंटे तक लाश को अपनी कार की डिक्की में रखकर कैब से बुकिंग करता रहा। रात को जब जगतपुरा की ओर गया ताे लाश खाली भूखंड में फेंक आया। इधर, परिजनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने शक के आधार पर सोनू को पूछताछ के लिए बुलाया तो वह तुरंत थाने भी पहुंच गया। ताकि किसी को शक न हो। यही नहीं परिजनाें के साथ मिलकर साले को तलाशने लगा। थानाप्रभारी नेमीचंद ने बताया कि पूछताछ में साेनू से हत्या करने की वजह पूछी तो बोला- नितिन बार-बार कह रहा था कि कल उसका पेपर है। घर जाकर पढ़ेगा, इसलिए उसे घर छाेड़ दाे। जब वह चिल्लाने लगा ताे सोनू को लगा यह घर अपहरण के बारे में बता देगा। इसलिए उसने गला दबाकर मार डाला।
मां से बोला नितिन 15 मिनट में आ रहा हूं
नितिन के पिता शंकर लाल ने बताया कि शुक्रवार को नितिन के छोटे भाई की तबीयत खराब थी। वे सीटीस्केन कराने के लिए देवनगर स्थित एक हॉस्पिटल गए थे। नितिन 11:30 बजे दोस्त संदीप के घर जाने की बात कह गया था, लेकिन लाैटा नहीं। वह मां का फोन लेकर गया था। बेटी चीनू ने बताया कि दाेपहर डेढ़ बजे मां से बात हुई थी तब उसने कहा था कि 15 मिनट में आ रहा हूं। आधे घंटे बाद जब नितिन घर नहीं आया तो उसकी बड़ी बहन ने फिर फोन किया तो आवाज उसके जीजा सोनू की लग रही थी। दोपहर दो बजे के बाद से फोन बंद आ रहा था। शाम 7 बजे फोन किया तो सोनू ने कहा कि उसने नितिन को दिन में ही घर के पास छोड़ दिया था।
पुलिस के फोन करते ही पसीने में लथपथ थाने पहुंच गया आरोपी, कॉल डिटेल से खुला राज
शंकर लाल ने पुलिस को बताया कि सोनू उसके चाचा की पोती का पति है। चाचा के बेटे-बहू की मौत हो चुकी है। इसलिए हर काम में सोनू को बुलाते हैं। 11 मार्च को सोनू ने घर पर आकर पत्नी से 1 लाख रु. उधार मांगे। मना करने पर नाराज हो गया। 13 मार्च को फिर आया और नितिन को साथ ले गया। नितिन की 8वीं की परीक्षा चल रही है। शनिवार को उसका हिंदी का पेपर था। परिजन बोले- नितिन को आखिरी बार सोनू के साथ देखा था। इसलिए चिंता नहीं हुई। पुलिस ने सोनू को थाने पर बुलाया तो उसे पसीना आ रहा था। पूछताछ में बोला- कार लेकर तेजी से आया हूं इसलिए पसीना आ रहा है। पुलिस को संदेह हुआ। पुलिस रात एक बजे तक उसे लेकर बच्चे की तलाश में घूमती रही। इसके बाद कॉल डिटेल से खुलासा हुआ।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.