पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

शादी समारोह से लौट रहे युवकों पर फायरिंग कर हत्या करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फायरिंग कर हत्या करने के केस में गिरफ्तार तीनों आरोपी - Dainik Bhaskar
फायरिंग कर हत्या करने के केस में गिरफ्तार तीनों आरोपी
  • मकराना में हुई वारदात में एक युवक की मौत और दूसरा गंभीर घायल हुआ
  • गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ नागौर, जयपुर के थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं

नागौर. जिले के मकराना इलाके में शादी समारोह से लौट रहे दो युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई थी। वहीं, उसका साथी गंभीर घायल हो गया था। नागौर एसपी डॉ. विकास पाठक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अकबर अली, मोहम्मद आरिफ और मो. सलीम उर्फ जगदीश मकराना के रहने वाले है। इनमें आरोपी अकबर अली के विरुद्ध नागौर के मकराना में 6 व जयपुर के सदर व मोती डुंगरी में 1-1 व अजमेर के आदर्श नगर थाने में 1 मामला हत्या, लूट,आर्म्स एक्ट, मारपीट आदि के दर्ज है। मोहम्मद आरिफ के विरुद्ध थाना मकराना में 02 मामले दर्ज हैं। 

3 मार्च की रात को हुई थी वारदात
अजमेर रेंज आईजी हवासिंह घुमरिया ने बताया कि 3 मार्च को डीडवाना निवासी मोहम्मद फिरोज, नवाब व उनके चार साथी शादी समारोह से मकराना से लौट रहे थे। रात लगभग 8 बजे जुसरी तिराहा के पास मोहम्मद फिरोज पानी की बोतल लेने के लिये जैसे ही गाड़ी से उतरा। तभी अज्ञात बदमाशों ने उनकी गाड़ी की तरफ अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसमें मोहम्मद फिरोज की मौत हो गई और उसका साथी नबाब गोली लगने से घायल हो गया। बदमाश फरार हो गए। तब सूचना पर पहुंची मकराना पुलिस ने केस दर्ज जांच शुरू की।

एसपी विकास पाठक के मुताबिक जांच में सामने आया कि समीर नाम का बदमाश घटना के दिन मकराना आया हुआ था। उसके विरूद्ध लूटपाट एव संगीन अपराध के अनेक केस दर्ज हैं। बदमाशों ने वारदात में जो प्लसर बाइक का उपयोग किया। वह इकबालपुर निवासी सलीम उर्फ जगदीश की होने की जानकारी मिली। वह आरोपी समीर के सम्पर्क में था। तब पुलिस ने आरोपी सलीम को धरदबोचा।

व्यापारी की हत्या करने जा रहे थे, बीच में झगड़ा होने पर फायरिंग कर जान ले ली
सलीम ने पूछताछ में बताया कि 3 मार्च को आरिफ, अकबर, समीर व समीर के तीन अन्य साथी उसके घर आये थे। वहां से सभी गांगवा रोड पर गये एवं शराब पीकर मकराना के एक व्यापारी की हत्या की योजना बनाई। शूटरों को बाइक पर बैठाकर समीर ने आरिफ, सलीम व अकबर को अपनी कार में बैठा लिया। व्यापारी की हत्या के लिए सभी मकराना गये, पर पुलिस की नाकाबंदी देखकर जुसरी तिराहा पहुंच गये। 


समीर के शूटर्स जुसरी तिराहा पर खडे़ हो गये। इसी दौरान मृतक मोहम्मद फिरोज पानी की बोतल लेने के लिये गाड़ी से उतरते वक्त आरिफ से टकरा जाता है। जिस पर शूटरों ने मोहम्मद फिरोज पर फायरिंग शुरू कर हत्या कर दी और गाड़ी में बैठे उसके साथी नबाब को घायल कर दिया। एएसपी डीडवाना नितेश आर्य के मुताबिक केस के खुलासे के लिए वृत्ताधिकारी मकराना सुरेश कुमार सांवरिया व वृत्ताधिकारी डीडवाना गणेशाराम चौधरी के नेतृत्व में मकराना, परबतसर, डीडवाना थानाधिकारी और साईबर सेल की टीम गठित की गई थी।