- Hindi News
- National
- Jaisalmer News Rajasthan News 40 Reduction In Composite Grant For The First Time In All Government Schools Of The State
प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में पहली बार कंपोजिट ग्रांट में 40 फीसदी कटौती
प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में पहली बार सरकार ने समग्र शिक्षा अभियान के कंपोजिट ग्रांट में एक साथ 40 फीसदी कटौती की है। संसाधन व सुविधाओं के कमी से जूझ रहे स्कूलों के सामने बजट का संकट खड़ा हो गया है। पहले एक प्राथमिक स्कूल को सालाना कंपोजिट फंड से 25 हजार रुपए मिलते थे। इस बार 13 हजार रुपए का बजट आवंटित किया है। यानी सीधे 12 हजार रुपए का फंड घटाया है। जिले में प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, सैकंडरी व सीनियर सैकंडरी स्कूल करीब 5 हजार 5 सौ है। एक स्कूल को औसत 13 हजार रुपए के हिसाब से जिले की सभी स्कूलों को करीब 71 करोड़ रुपए का बजट दिया है। वहीं करीब 66 करोड़ रुपए की कटौती की गई है। औसत नामांकन के आधार पर शिक्षा विभाग हर साल स्कूलों में सुविधाएं व संसाधन मुहैया करवाने के उद्देश्य से बजट आवंटित करता है। हालांकि यह बजट जुलाई में सत्र शुरू होने पर दिया जाता है, लेकिन इस बार सत्र के आठ माह बाद राशि जारी की गई है। इतना ही नहीं पहले राशि सीधे संस्था प्रधानों के बैंक खातों में जमा होती थी। इस बार कंपोजिट की राशि पीईईओ के बैंक खातों में जमा की जा रही है। गौरतलब है कि जिले में 998 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक और 187 सैकंडरी व सीनियर सैकंडरी स्कूल है। बजट में 40 फीसदी कटौती से स्कूलों के रुटीन के कामकाज भी प्रभावित होंगे।