रेगिस्तानी बालिका छात्रावास का निरीक्षण
कलेक्टर नमित मेहता ने शुक्रवार को देवीकोट में संचालित रेगिस्तानी क्षेत्रीय बालिका छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के साथ ही छात्रावासी बालिकाओं से छात्रावास प्रबंध से जुड़ी सेवाओं और सुविधाओं के बारे में चर्चा की। इस दौरान तहसीलदार तुलछाराम विश्नोई, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सत्येंद्र कुमार व्यास, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दलपतसिंह सोलंकी एवं ग्रामीण जन प्रतिनिधि व ग्रामीण भी मौजूद थे।
छात्रावास को आदर्श स्वरूप देकर सभी सुविधाएं बढ़ाएं
कलेक्टर ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं मुख्य ब्लाक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि छात्रावास की समस्याओं के निस्तारण एवं आवश्यकताओं के बारे में तीन दिन में विस्तृत रिपोर्ट सौंपे। उन्होंने छात्रावास को आदर्श स्वरूप प्रदान करने के निर्देश दिए।
जैसलमेर. छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण कर निर्देश देते कलेक्टर।
नई चादरें मंगवाई जाएं
छात्रावास अधीक्षिका कविता मल्होत्रा ने कलेक्टर को छात्रावास की व्यवस्थाओं के बारे में अवगत कराया। कलेक्टर ने छात्रावास के भंडार, रसोई, भोजन कक्षों, आवासीय कमरों, का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं में सुधार लाने तथा साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने छात्रावास संचालन से संबंधित पंजिकाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रोशनी व्यवस्था दुरुस्त करने, बिस्तरों के लिए नई चद्दरें बिछवाने, नाकारा पड़े सामान का निस्तारण करवा कर हॉल को उपयोग में लेने व शौचालयों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।