- Hindi News
- National
- Jaisalmer News Rajasthan News Instructions Given To Arrange Adequate Water For The District Before Canalbandi
नहरबंदी से पहले जिले के लिए पर्याप्त पानी का इंतजाम करने के दिए निर्देश
कलेक्टर नमित मेहता ने जलदाय एवं नहर विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आगामी नहरबंदी को ध्यान में रखते हुए पीने के पानी की पर्याप्त मात्रा में सभी स्रोतों में समय रहते संग्रहण कर ले ताकि उस दौरान पीने के पानी की समस्या नहीं रहे। उन्होंने जिले में पेयजल पूति को सुचारू बनाएं रखने के साथ ही जलदाय विभाग के अधिकारियों को नए नलकूपों को समय पर खोदने की कार्रवाई करने एवं समय पर जलदाय विभाग के नलकूपों को विद्युत कनेक्शन से जोड़ने की कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर मेहता ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में साप्ताहिक समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. किरण कंग, एडीएम ओ. पी. विश्नोई, मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश, सहायक निदेशक लोक सेवाएं भारत भूषण गोयल सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने सरकार के जन घोषणा पत्र के अनुरूप विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने, फ्लैगशिप योजनाओं को प्रभावी ढंग से संचालन कर पात्र लोगों को लाभांवित करने, पेंशन एवं पालनहार योजना के प्रति विशेष सजगता बरतने व समय पर भुगतान की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जलदाय, बिजली, नहर परियोजना के अधिकारी जब भी अवैध कनेक्शन हटाने एवं अन्य कोई कार्रवाई करने के लिए मौके पर जाएं तो इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक को पूर्व में अवगत करवाकर पुलिस जाब्ता साथ ले जाएं। ताकि राजकीय अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं घटे।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. किरण कंग ने भी अधिकारियों से कहा कि विशेष प्रयोजन के लिए कार्रवाई करने जाने से पूर्व पुलिस को अवगत कराएं ताकि आवश्यक पुलिस जाब्ता मुहैया कराया जा सके। एडीएम ओ.पी. विश्नोई ने अधिकारियों को लाइट्स पोर्टल में दर्ज प्रकरणों के मामले में निर्धारित प्रपत्र में सूचना समय पर अधिकारियों को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने 15 मार्च को 30 ग्राम पंचायतों में होने वाले पंच एवं सरपंच के चुनाव को देखते हुए विद्युत आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रखने के निर्देश दिए।