पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Jaisalmer News Rajasthan News More Than 70 Percent Crop Damage In Many Places In Jaipur Dhariwal

जयपुर में कई जगह 70 फीसदी से ज्यादा फसल खराबा : धारीवाल

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

राज्य सरकार के प्रभारी मंत्री रविवार को प्रदेश में ओलावृष्टि प्रभावित जिलों के दौरों पर पहुंचे। जयपुर के प्रभारी मंत्री शांति धारीवाल ने सिरसी क्षेत्र के गांवों में पहुंचकर फसलों के खराबे का जायजा लिया। परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने बूंदी के हिंडाेली क्षेत्र के रोशन्दा और देवडूंगरी में ओलावृष्टि से प्रभावित गांवों का दौरा कर फसल खराबे का जायजा लिया। वक्फ मंत्री शाले मोहम्मद ने बीकानेर के खाजूवाला पहुंचकर ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया।

उर्जा मंत्री डॉ. बी.डी.कल्ला ने जैसलमेर पहुंचकर किसानाें से बात की। उन्होंने अधिकारियाें काे निर्देश दिए कि 33 प्रतिशत से अधिक खराबे वाले क्षेत्रों की विशेष गिरादावरी रिपोर्ट 16 मार्च पूरी कर ली जाए। महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री ममता भूपेश भी अलवर के राजगढ़, मालाखेड़ा एवं थानागाजी के ओलावृष्टि से प्रभावित हुए विभिन्न गावों में पहुंची। उन्होंने कहा कि अभी तक हुए सर्वे के आधार पर जिले के 82 गांवों में 33 प्रतिशत से अधिक खराबे की रिपोर्ट आई है।

श्रम राज्य मंत्री टीकाराम जूली ने बूंदी में छाण, बाढ़पुर और अन्य गांवों का दौरा कर ओलावृष्टि से फसल को हुए नुकसान का जायजा लिया। वहीं शिक्षा राज्यमंत्री गाेविंद सिंह डाेटासरा अपने प्रभार वाले जिले गंगानगर में पहुंचकर ओलावृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे।

धारीवाल ने कहा- कैश क्राप्स पूरी तरह तबाह

उन्होंने कहा कि जयपुर जिले में ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है और कई जगह साग-सब्जी की कैश क्रॉप्स तो पूरी तरह बरबाद हो गई है। कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने भी ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान को गंभीर बताते हुए कहा सरकार हर प्रभावित किसान को राहत देने का प्रयास करेगी। धारीवाल के साथ कृषि मंत्री कटारिया व कलक्टर डॉ. जोगाराम भी मौजूद थे। इन्होंने सिरसी के गांव मूंडिया रामसर, निमेड़ा आदि में गेहूं एवं टमाटर, खीरा आदि सब्जियों की फसलों को ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने खेतों में बरबाद हुई, आड़ी पड़ी फसलोंं को स्वयं हाथ में उठाकर देखा। साथ ही प्रभावित किसानों से भी बात की। धारीवाल ने कहा कि ओलावृष्टि से हुए नुकसान का पूरा आकलन तो गिरदावरी की रिपोर्ट से ही लग पाएगा लेकिन खेतों के दौरे में प्रत्यक्ष आंखों से देखने से पता चलता है कि नुकसान काफी ज्यादा हुआ है। उन्होंने कहा कि अब तक नुकसान वाले 90 प्रतिशत क्षेत्रों में गिरदावरी कराई जा चुकी है। स्वयं मुख्यमंत्री महोदय ने उनको खेतों में जाकर इस नुकसान की गंभीरता को देखने के लिए निर्देशित किया है। धारीवाल ने बताया कि जयपुर में कई खेतों में फसलों को 50 प्रतिशत से 70 प्रतिशत तक का नुकसान हुआ है। कहीं-कहीं तो यह नुकसान 100% भी है जहां किसान की पूरी फसल बर्बाद हो गई है।


मंत्री धारीवाल ने लिया फसल खराबे का जायजा
खबरें और भी हैं...