शाखा नित्य संस्कारों की जननी : निंबसिंह
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जैसलमेर शहर की 24 शाखाओं का शाखा संगम कार्यक्रम पूनम सिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ। शहर के अलग अलग स्थानों पर लगने वाली शाखाओं का एक सामूहिक शाखा संगम कार्यक्रम सुबह 7.20 बजे प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम को लेकर नगर के बाल, तरुण व व्यवसायी स्वयंसेवकों में भारी उत्साह दिखाई दिया। संगम कार्यक्रम में सभी शाखाओं ने अपने भगवा ध्वज के साथ एक घंटे तक नियमित दैनिक कार्यक्रम किया। राष्ट्र सेवा की भावना से ओतप्रोत इस आयोजन में शाखा की टोलियों की ओर से ध्वज मंडल निर्माण और रंगोली का कार्यक्रम हुआ। इसके बाद सूर्य नमस्कार, उष्ण व्यायाम, खेल, योग व गीत के साथ बौद्धिक कार्यक्रम हुए। सीमाजन कल्याण समिति के प्रदेश संगठन मंत्री निम्बसिंह ने कहा कि शाखा नित्य संस्कारों की जननी है क्योंकि शाखा में आकर व्यक्ति खेल के माध्यम से अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, देशप्रेम और सामाजिक संस्कारों को अपने जीवन में ग्रहण करता है। सभी स्वयंसेवकों को प्रतिदिन की शाखा में आना चाहिए । इसके बाद शाखाओं की आपस में रस्सा कस्सी प्रतियोगिता भी संपन्न हुई। प्रतियोगिता में व्यवसायी वर्ग में विजेता गीता आश्रम रही।
जैसलमेर. पूनमसिंह स्टेडियम में शहर की 24 शाखाओं का शाखा संगम।