- Hindi News
- National
- Jaisalmer News Rajasthan News Panch Sarpanch Elections In 30 Panchayats Today Results Will Come Late At Night
30 पंचायतों में पंच-सरपंच के चुनाव आज, देर रात आएंगे नतीजे
जिले में पंचायतों के चुनाव स्थगित होने के बाद रविवार को पहले चरण की 30 पंचायतों के चुनाव हाेंगे। गौरतलब है कि परिसीमन विवाद के चलते जैसलमेर के चुनाव स्थगित हो गए थे। उसके बाद नए सिरे से लॉटरी निकाली गई। इसके चलते पहले चरण की 97 पंचायतों में से 30 पंचायतों की सीट यथावत रही, ऐसे में अब रविवार को इन 30 पंचायतों के चुनाव होने हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. किरण कंग ने बताया कि सभी 30 ग्राम पंचायतों में रविवार को होने वाले निर्वाचन को देखते हुए 1 हजार पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है ।
चुनाव से एक दिन पहले मतदाताओं की मान मनुहार का दौर चलता रहा। उम्मीदवार कोई भी कसर छोड़ना नहीं चाह रहे थे। कहीं सीधा मुकाबला है तो कहीं मैदान में 5 से 7 उम्मीदवार है। शनिवार को देर रात तक उम्मीदवारों ने घर घर जाकर वोट मांगे।
रविवार को 30 ग्राम पंचायतों में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर 515 पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसके लिए 40 रिटर्निंग अधिकारी लगाए गए हैं । इनमें 10 आरक्षित हैं। इन चुनावों को सम्पन्न कराने के लिए 76 मतदान पार्टियाें को प्रशिक्षण व सामग्री देकर रवाना किया गया है।
छत्रैल में पिता पुत्र आमने सामने
छत्रैल ग्राम पंचायत में नामांकन के दौरान समय पर फार्म वापस नहीं लेने के चलते पिता व पुत्र का नामांकन रह गया। यहां अन्य उम्मीदवार भी मैदान में है। हालांकि पिता मेघे खां डमी हो गए हैं और पुत्र अमीन खां का ही प्रचार किया है। लेकिन ईवीएम में दोनों का नाम होगा।
जैसलमेर. चुनाव को लेकर बूथों के लिए रवाना होती टीमें।
{यहां होंगे चुनाव | जैसलमेर पंचायत समिति की 7 ग्राम पंचायतों अमरसागर, बड़ाबाग, बडोड़ा गांव, भागु का गांव, छत्रेल, धऊवा तथा मोकला में मतदान होगा। समिति सम की 6 ग्राम पंचायतों आसूतार, फलेडी, कुछडी, रायमला, सियांबर तथा सोनू तथा पंचायत समिति सांकड़ा की 5 ग्राम पंचायतों बारठ का गांव, झलारिया, लोहारकी, रामदेवरा तथा सांकड़ा में मतदान होगा। नाचना पंचायत समिति की 4 ग्राम पंचायतों भारेवाला, चिन्नू, शक्तिनगर तथा टावरीवाला, भणियाणा पंचायत समिति की 4 ग्राम पंचायतों धोलासर, पन्नासर, राजमथाई तथा सुभाषनगर, मोहनगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत काठोडी तथा फतेहगढ़ पंचायत समिति की 3 ग्राम पंचायतों चेलक, सांगड़ तथा उण्डा में मतदान होगा।