- Hindi News
- National
- Jaisalmer News Rajasthan News Rituals Of Mala Gholai Will Play Today Traditions Will Come Alive
आज बहने निभाएंगी माला घोलाई की रस्में, जीवंत होगी परंपराएं
संस्कृति व परंपरा की नगरी जैसलमेर में होली का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दो दिवसीय पर्व को लेकर यहां पर अनूठी परंपराएं हैं। सोमवार को जहां दिनभर बहनें माला घोलाई की परंपरा का निर्वाह करेंगी। गली-मोहल्लों में शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया जाएगा। इसके बाद मंगलवार को धुलंडी के दिन अबीर व गुलाल से शहर सराबोर होगा और जमकर होली खेली जाएगी। माला घोलाई का शुभ मुहूर्त दिन में 3.30 से 6.30 बजे तक रहेगा। वहीं शाम 6.40 से रात 9.07 तक होलिका दहन शुभ है।
तुलसी गौशाला ने दहन के लिए की गोकाष्ठ की तैयारी
सोमवार को होलिका दहन में लकड़ी के स्थान पर गोकाष्ठ (गोबर की लकड़ी) बनाने का काम शुरू कर दिया है। होलिका दहन में लकड़ी के प्रयाेग से लकड़ी का अधिक उपयोग हाेने के साथ ही पर्यावरण के साथ भी खिलवाड़ होता है। इससे तुलसी गौशाला द्वारा गोबर से बने कंडों गोकाष्ठ का उपयोग करने की अपील की गई है। इसके लिए व्यापक रूप से तैयारी भी की गई है।
होली के स्वागत को तैयार स्वर्णनगरी, उमंग, रंगों और गुलाल का बाजार सजा
होली का उत्साह जैसलमेर में देखते ही बनता है। शहर में यह त्योहार भाईचारे व सौहार्द के साथ मनाया जाता है। इस पर्व को लेकर जिले के बाजार सज गए हैं। कहीं रंगों व गुलाल की अस्थायी दुकानें लगी हैं तो कई पिचकारियां सज गई हैं। बच्चों में इन दुकानों के प्रति जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। रविवार को इन दुकानों में भारी भीड़ नजर आई। दूसरी तरफ मिठाई की दुकानों में भी होली की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। होली के दिन माला घोलाई की परंपरा के चलते मिठाई वाले विशेष तैयारियां करते हैं।
{जिंदा-जिंदी की निकलेगी बारात | चैनपुरा मोहल्ला में जिंदा-जिंदी का स्वांग रचाया जाता है। धुलंडी को शिव व पार्वती के रूप में दो युवकों को जिंदा-जिंदी बनाया जाता है,साथ ही गेर निकलती है,जो पूरे मोहल्ले में घूमती है। हर परिवार द्वारा उनका पूजन किया जाता है।
{घुलंडी को सजेगा बादशाह का दरबार| स्वर्णनगरी की अनूठी परंपराओं में बादशाह व जिंदा-जिंदी की भी परंपरा है। धुलंडी के दिन दुर्ग के व्यासा पाड़ा में जहां बादशाह का दरबार सजेगा। सोनार दुर्ग के व्यासा पाड़ा में व्यास जाति के पुष्करणा ब्राह्मण ही होली पर बादशाह बनते हैं।