पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Pokran News Rajasthan News Tired Of Mismeasuring Of Farm Retired Fiji Attempts Self Immolation In Front Of Sdm

खेत की गलत पैमाइश से परेशान सेवानिवृत्त फाैजी का एसडीएम के सामने आत्मदाह का प्रयास

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

उपखंड अधिकारी कार्यालय भणियाणा में एक व्यक्ति ने गुरुवार को अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। लेकिन उस दौरान कार्यालय में उपस्थित कर्मचारियों और अन्य ग्रामीणों ने व्यक्ति के हाथ से पेट्रोल की बोतल को छीना और उसे पकड़ लिया।

पिछले तीन वर्ष से अपने खेत की हुई गलत पैमाइश को सही करवाने के लिए एसडीएम कार्यालय के चक्कर लगा रहे रिटायर फौजी अभयसिंह के सब्र का बांध तब टूट गया जब वह गुरुवार को एसडीएम कार्यालय अपनी फरियाद लेकर पहुंचा और अधिकारियों ने उसकी फरियाद पर कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर सेवानिवृत फौजी अभयसिंह ने एसडीएम कार्यालय के बाहर रखे अपने बैग में रखी पेट्रोल की बोतल निकाली । इसके बाद एसडीएम कार्यालय में उपखंड अधिकारी रामजस विश्नोई के समक्ष अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास करने लगा। जिसे स्थानीय लोगों और अन्य कर्मचारियों ने पकड़ लिया और उसे रोककर उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल को छीन लिया। लेकिन तब तक उसने पेट्रोल को अपने कपड़ों पर डाल दिया था।

सुनवाई नहीं होने से परेशान था व्यक्ति

अभयसिंह निवासी हेमसागर, स्वामीजी की ढाणी ने बताया कि वर्ष 2017 में मेरे पड़ोसी डूंगरसिंह ने अपने खेत की पैमाइश करवाने के लिए एसडीएम कार्यालय में अर्जी दी थी। जिस पर तहसीलदार ने गलत पैमाइश करते हुए मेरे खेत की जमीन को उसमें शामिल कर दिया और मेरे अनधिकृत रूप से नई भीखोड़ाई की सीमा में डाल दिया। इसमें सुधार करवाने के लिए वह पिछले तीन वर्ष से तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रहा है। लेकिन तीन वर्ष से उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद भी तहसीलदार और एसडीएम द्वारा कोई कार्रवाई नहीं कर उसे परेशान किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने गुरुवार को एसडीएम रामजस विश्नोई को आत्मदाह का ज्ञापन सौंप आत्मदाह का प्रयास किया।

पेट्रोल डालने के बाद हुई तबीयत खराब

उपखंड अधिकारी कार्यालय में अपने ऊपर पेट्रोल डालने वाले सेवानिवृत्त फाैजी अभयसिंह की पेट्रोल डालने के बाद तबीयत खराब हो गई और वह कार्यालय परिसर में गिर गया। जिसे स्थानीय कार्मिकों ने पानी पिलाया और उसके कपड़े आदि खुलवाए। पेट्रोल की मात्रा अधिक होने के कारण स्थानीय कार्मिकों ने जमीन पर गिरे अभयसिंह को उठाने का प्रयास किया।

मैं पिछले तीन वर्ष से अपने खेत की छह बीघा जमीन को लेकर एसडीएम कार्यालय के चक्कर लगा रहा हूं। लेकिन अभी तक मेरे खेत की सही पैमाइश नहीं की गई और मेरे हक की 6 बीघा जमीन को मुझे नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में अधिकारियों द्वारा बार बार परेशान करने के कारण मैंने आज एसडीएम कार्यालय में आत्मदाह करने का प्रयास किया।
अभयसिंह, सेवानिवृत्त फौजी, स्वामीजी की ढाणी

उपखंड अधिकारी ने अभयसिंह को किया पाबंद

उपखंड अधिकारी कार्यालय भणियाणा में गुरुवार की शाम को घटित हुई इस घटना को लेकर उपखंड अधिकारी रामजस विश्नोई ने उसे आगामी छह माह के लिए पाबंद किया। उन्होंने आदेश जारी कर अभयसिंह को आगामी छह माह के लिए न सिर्फ पाबंद किया। साथ ही 20 हजार रुपए के बंध पत्र भरकर देने के लिए पाबंद किया। इसके साथ ही 27 मार्च को तहसील कार्यालय में कारण दर्शित करने के लिए हाजिर होने के निर्देश दिए।

पोकरण. आत्मदाह प्रयास के बाद अभयसिंह की हुई तबीयत खराब।

तीन वर्ष से गलत पैमाइश को सही करवाने के लिए तहसील कार्यालय के लगा रहा है चक्कर
खबरें और भी हैं...