- Hindi News
- National
- Jalore News Rajasthan News Explained To The Students From The Film If Someone Misbehaves Complain On 1098
छात्राओं को फिल्म से समझाया, कोई गलत हरकत करे तो 1098 पर शिकायत करें
राजस्थान बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष बेनीवाल ने बालिकाओं से किया सीधा संवाद
राजस्थान बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष संगीता बेनीवाल गुरुवार को जालोर दौरे पर पहुंचीं। उन्हाेंने जिला परिषद में आयोजित आरटीआई एवं बाल संरक्षण अभियान के तहत एक दिवसीय कार्यशाला के प्रथम सत्र में बाल मंच, बालिकाओं के शिक्षा अधिकार एवं संरक्षण को लेकर जानकारी दी। दूसरे सत्र के दौरान उन्हाेंने बाल संवाद के तहत “चुप्पी तोड़ो हमसे कहो’ कार्यक्रम में बालक-बालिकाओं की समस्याओं को लेकर सीधा संवाद दिया। इस दाैरान विद्यार्थियों को पोक्सो एक्ट पर बनी लघु फिल्म का प्रदर्शन कर गुड टच व बेड टच के बारे में बताया गया। बेनीवाल ने भी बच्चों से सीधा संवाद कर फिल्म के सारांश और बाल संरक्षण अधिनियम के तहत उन्हें मिलने वाले अधिकार बताए। उन्हाेंने बच्चों से कहा कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है, यदि उनके साथ कोई भी व्यक्ति गलत व्यवहार करता है तो इसकी जानकारी सबसे पहले अपने माता-पिता, शिक्षकों और चाइल्ड हेल्प लाइन पर दें। बालिका भी ऐसी शिकायत सीधे उनसे भी कर सकती हैं। इससे पहले कार्यशाला में बेनीवाल ने कहा कि बाल संरक्षण के क्षेत्र में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अथक प्रयासों से राजस्थान देश में पहला राज्य है जहां इसके लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाया गया है। इस अवसर पर एडीएम सीएल गोयल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार, विभाग के राजेन्द्र राजपुरोहित, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष मंगलसिंह राजपुरोहित, सदस्य रामप्रकाश खबाणी, ठाकराराम, एडीएम नरेन्द्र परमार व कैलाश विश्नोई मौजूद रहे।
10 मिनट की फिल्म दिखाई, फिर किए सवाल-जवाब : कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को जागरूक करने के साथ उनके साथ होने वाले अपराधों को लेकर 10 मिनट की फिल्म दिखाई गई। इसके बाद बेनीवाल ने बालिकाओं से संवाद किया, जिसमें उनकी समस्याओं को जानने की कोशिश की।
राज्य बाल संरक्षण अायाेग की अध्यक्ष बेनीवाल ने खुद की कहानी सुनाकर बालिकाओं को किया प्रेरित
कार्यक्रम के दौरान बालिकाएं संवाद करने की बात पर संकोच करने लगी। इस पर बेनीवाल ने खुद का उदाहरण देते हुए बालिकाओं को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बीए एवं एमए की पढ़ाई करने के तुरंत बाद मेरी भी शादी हो गई थी। मैंने कोई नौकरी नहीं की थी। शादी के बाद मैंने नहीं सोचा था कि राजनीतिक में आऊंगी। शादी के बाद सास-ससुर ने मेरी इच्छा पूछी, तो मैंने जज बनने की बात कही। इसके बाद ससुर ने मुझे कहा कि आप राजनीति में जाकर लोगों की सेवा करो। इस पर मैंने पहली बार जोधपुर शहर में पार्षद का चुनाव लड़कर लगातार मेहनत करते हुए आज इस पद तक पहुंची हूं। उन्होंने बालिकाओं से कहा आप भी किसी से कम नहीं हो, लेकिन मेहनत करनी होगी।
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश
बेनीवाल ने जिले में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिले के प्रत्येक महाविद्यालय व स्कूल, बाल वाहिनी सहित अन्य उपयुक्त स्थानों पर चाइल्ड हेल्पलाइन नम्बर 1098 प्रदर्शित करने को कहा है। सर्किट हाउस में बेनीवाल ने कलेक्टर हिमांशु गुप्ता व एसपी हिम्मत अभिलाष टांक से जिले में बालकों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
लहरु कुमारी।
बीए द्वितीय वर्ष की बालिका लहरु कुमारी बोली, मैं कभी भी मृत्युभोज में नहीं जाती
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं से संवाद चल रहा था। इस दौरान बेनीवाल बालिकाओं को आगे बढ़ने के साथ समाज में अच्छा कार्य करने की बात कही। इस पर बीए द्वितीय की छात्रा लहरु कुमारी ने कहा कि मैं कक्षा पांचवी में पढ़ रही थी तब मुझे समझ में आया कि मृत्यु भोज खाना पाप है। इसके बाद से मैं कभी भी मृत्यु भोज में नहीं गई।
जालोर. बालिकाओं के साथ बैठकर फिल्म देखतीं बेनीवाल। फोटो| भास्कर