- Hindi News
- National
- Khara News Rajasthan News Police Officer Rescued From The Police Station After Assaulting The Police Officer Aerial Fire
थानाधिकारी से मारपीट कर हिस्ट्रीशीटर काे छुड़ाया, हवाई फायर कर बची पुलिस
10 आरोपी गिरफ्तार
जिले के गांव चिमनपुरा में 10 मार्च की दोपहर में दूधवाखारा थाना के हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई पुलिस पथराव, एसएचओ से मारपीट व गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। पुलिस पर हमला कर हिस्ट्रीशीटर को छुड़वा लिया। हमले में थानाधिकारी सहित चार पुलिसकर्मियों के मामूली चोटें आईं। चौतरफा घिरने पर पुलिस ने हवाई फायर कर किसी तरह जान बचाई। पुलिस ने मौके से 10 लोगों को गिरफ्तार भी किया।
दूसरी तरफ चिमनपुरा के ग्रामीणों ने विधायक डॉ. कृष्णा पूनिया से मिलकर थानाधिकारी पर महिलाओं के साथ मारपीट व दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। घटना को लेकर एसएचओ विष्णुदत्त बिश्नोई की तरफ से थाने में 23 नामजद व 20-30 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। एसएचओ की तरफ से दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह 10 मार्च को सिपाही बलवान, मुकेश, गोगराज, ग्यारसीलाल व एसआई सरदारसिंह के साथ होली पर कानून व्यवस्था के तहत गश्त कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि दूधवाखारा पुलिसथाना का हिस्ट्रीशीटर मुकेश पुत्र नत्थुराम जाट निवासी दूधवाखारा तीन-चार साथियों के साथ चिमनपुरा की तरफ अपनी गाड़ी से गया है। साथ ही मुकेश कोई बड़ी वारदात करने की फिराक में है। वे दोपहर 1.20 बजे पुलिस दल के चिमनपुरा पहुंचे, तो मुकेश जाट अपने साथियों के साथ जयवीर जाट के घर पर शराब पीता हुआ मिला। पूछताछ के लिए बाहर बुलाया गया, तो घर के बाखळ (चौक) में मुकेश के साथी सुमित सोनी, महीपाल जाट निवासी दूधवा, जयवीर की प|ी और तीन-चार अन्य महिलाओं ने थानाधिकारी को घेर लिया और मारपीट करनी शुरू कर दी। एक जने ने सिर पर लाठी से चोट पहुंचाई और मुकेश को छुड़ाकर घर के अंदर ले गए। घटना को लेकर राजगढ़ थाने के एसआई सरदारसिंह, एएसआई दलीपसिंह, तारानगर व दूधवाखारा थानाधिकारियों काे जानकारी देकर मौके पर पहुंचने के लिए कहा गया तो 2.30 बजे उक्त जाब्ते के चिमनपुरा पहुंचने पर मकान की तलाशी ली गई, परंतु मुकेश जाट जयवीर के मकान के पीछे के रास्ते से भाग गया।
थानाधिकारी सहित चार पुलिसकर्मियों के आई चोटें
हिस्ट्रीशटर के समर्थकों द्वारा किए गए हमले में थानाधिकारी विष्णुदत्त बिश्नोई के हाथ, सिर व पिंडी पर चोटें आईं, वहीं एसआई सरदारसिंह, सिपाही शीशराम व मनोज के भी चोटें आईं। पुलिस ने मौके पर बलवीर, भंवरलाल, शीशराम, अनिल, राजपाल, महीपाल, सुमित, दीपा देवी, जयप्रकाश सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया।
विधायक से मिले ग्रामीण, एसएचओ पर लगाए आरोप
घटना के बाद चिमनपुरा सहित आस-पास के गांवों के ग्रामीण 10 मार्च की शाम विधायक डॉ. कृष्णा पूनिया के पास पहुंचे। थानाधिकारी पर महिलाओं के साथ मारपीट व दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। होशियारसिंह कस्वा, सुरेंद्रसिंह कस्वा, जगदीश कस्वा, लीलाधर कस्वा, शीशराम पूनिया आदि ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि थानाधिकारी विष्णुदत्त बिना महिला पुलिस के जयवीर कस्वा के घर में घुसकर बीमार व चारपाई पर पड़े जयवीर को नीचे पटक लिया और मारपीट की। जयवीर की प|ी व पुत्री छुड़ाने के लिए पहुंचे, तो उनके साथ धक्का-मुक्की, मारपीट व दुर्व्यवहार किया गया। पुलिसकर्मियों द्वारा की गई मारपीट के दौरान दीपा देवी (70) प|ी शीशराम का हाथ टूट गया। विधायक ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
20-30 लोगों ने लाठियों से मारपीट शुरू की तो जान बचाने के लिए करना पड़ा हवाई फायर
थानाधिकारी व अन्य जाब्ता मकान की तलाशी लेने के बाद बाहर आए तो जयवीर के घर के सामने से बलवीर, भंवरलाल, शीशराम, जयसिंह, अनिल, जयप्रकाश, वेदप्रकाश, कृष्ण, सुल्तान पूनिया, महावीर पूनिया, हीरालाल पूनिया, सहीराम सहारण, गोवर्धन, सुरेंद्र, सुनिता, मैना, मोहनलाल, दीपा देवी, रोहताश, हेतराम, संदीप कुमार, बलवान तथा 20-30 अन्य ने एक राय होकर लाठियों से मारपीट शुरू कर दी। सिपाही ग्यारसीलाल से जान बचाने के लिए हवाई फायर करवाया गया। हमलावरों ने पत्थर व लाठियों से राजगढ़ हाईवे व दूधवाखारा थाना के वाहनों के शीशे तोड़ दिए। आरोपियों ने राजकार्य में बाधा उत्पन्न की।
चिमनपुरा में पथराव से क्षतिग्रस्त हुई पुलिस की गाड़ी।