- Hindi News
- National
- Jalore News Rajasthan News Purchase Of Mustard And Gram On Support Price From April 1
सरसों व चने की समर्थन मूल्य पर खरीद एक अप्रेल से
जिले में सरसों एवं चने की 1 अप्रेल से समर्थन मूल्य पर खरीद होगी। खरीद के लिए 18 मार्च से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रारंभ होंगे तथा रजिस्ट्रेशन के लिए आधार से बायोमैट्रिक सत्यापन करवाना जरूरी होगा। जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता ने बताया कि जिले में चने व सरसों के लिए आहोर, जालोर, सायला, भीनमाल, रानीवाड़ा व सांचौर में राजफैड द्वारा खरीद केन्द्र स्वीकृत किये गये हैं। सरसो के लिए 4425 रुपए प्रति क्विंटल व चने के लिए 4875 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि किसान ई-मित्र केन्द्र या संबंधित खरीद केन्द्र पर रजिस्ट्रेशन करवा सकते है इसके लिए किसान को अपनी पहचान के रूप में आधार कार्ड, जन आधार या भामाशाह कार्ड, फसल संबंधी दस्तावेज के लिए गिरदावरी पी-35 क्रमांक दिनांक सहित अपने बैंक खाते की पास बुक की फोटो प्रति आदि को अपलोड करने पर पंजीयन हो सकेगा। किसान को रजिस्ट्रेशन के लिए स्वयं ई-मित्र केन्द्र या संबंधित खरीद केन्द्र पर जाना होगा। उसके पश्चात ही किसान का रजिस्ट्रेशन हो सकेगा तथा मोबाइल न बर से एक किसान का ही रजिस्ट्रेशन हो सकेगा। पंजीयन का कार्य प्रात: 9 बजे से सायं 7 बजे तक होगा।
जिस क्षेत्र के किसान हैं, वहां होगा उनका रजिस्ट्रेशन : उन्होंने बताया कि किसान की कृषि भूमि जिस तहसील में स्थित हैं, उस तहसील क्षेत्र में आने वाले खरीद केन्द्र का चयन रजिस्ट्रेशन के दौरान करना होगा तथा किसान को उसकी पंजीकरण दिनांक के आधार पर वरियतानुसार तुलाई की दिनांक एवं जिंस की मात्रा का आवंटन किया जा सकेगा। जिसकी सूचना किसान को उसके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस द्वारा दी जायेगी। पंजीकरण के लिए निर्धारित शुल्क 31 रुपए का भुगतान किसान द्वारा करना होगा। किसान ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, उपज के बेचान व भुगतान आदि के संबंध में किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए टोल फ्री नंबर 18001806001 पर अपनी समस्या का समाधान कर सकते है।
जालोर जिले में 6 केन्द्रों पर होगी फसलों की तुलाई
जालोर में इसके लिए 6 खरीद केन्द्र बनायें गए हैं। इसके लिए जिले के आहोर, जालोर, सायला, भीनमाल, रानीवाड़ा व सांचौर में राजफैड द्वारा केन्द्र स्वीकृत किये गए हैं। वहीं रजिस्टे्रशन के दौरान किसान को अपनी पहचान के रूप में आधार कार्ड, जन आधार या भामाशाह कार्ड, फसल संबंधी दस्तावेज के लिए गिरदावरी सहित अपने बैंक खाते की पास बुक की फोटो प्रति ले जाकर बायोमैट्रिक सत्यापन कराना होगी।