- Hindi News
- National
- Dag News Rajasthan News Fear Of Audit 14 Gram Panchayats Not Delaying The Audit Team For Five Months Ceo Issued Notice Now Preparation Of Fir
ऑडिट का डर...पांच माह से ऑडिट टीम को 14 ग्राम पंचायतें नहीं देरही रिकॉर्ड, सीईओ ने जारी किए नोटिस, अब एफआईआर की तैयारी
ग्राम पंचायतों ने करोड़ों रुपए खर्च तो कर दिए, लेकिन जब पाई-पाई का हिसाब देने की बारी आई तो ग्राम विकास अधिकारी पीछे हट गए। डग पंचायत समिति की 32 में से 14 ग्राम पंचायतें पांच माह से ऑडिट पार्टी को रिकॉर्ड ही उपलब्ध नहीं करवा रही है। इसके चलते अब मामला गंभीर हो चला है। इधर, जिला परिषद सीईओ ने रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराने वाले ग्राम विकास अधिकारियों को नोटिस जारी किए हैं। इनके खिलाफ अब पुलिस में मामला दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
दरअसल, पंचायत समिति डग की ग्राम पंचायतों की ऑडिट के लिए ऑडिट टीम 4 नवंबर 2019 को पहुंच गई थी। तभी से ही यहां बार-बार ऑडिट के लिए ग्राम पंचायतों से रिकॉर्ड मंगवाए जा रहे हैं, लेकिन ग्राम पंचायतें रिकॉर्ड उपलब्ध ही नहीं करवा रही हैं। 14 ग्राम पंचायतों ने तो एक भी कागज नहीं बताया, जबकि कई ग्राम पंचातयों ने एक से दो साल का ही रिकॉर्ड दिया है। डग पंचायत समिति की सभी ग्राम पंचायतों में 2015 से लेकर 2019 तक चार साल की ऑडिट होगी। इसी को लेकर टीम यहां पहुंची हुई है, लेकिन अधिकारी अपनी ग्राम पंचायतों के खर्च और कराए गए कार्यों के बारे में बताने से कतरा रहे हैं। हालांकि अब इसको जिला परिषद सीईओ ने गंभीरता से लिया है।
अब यह होगा...भारी गड़बड़ी की आशंका, कड़ी कार्रवाई भी संभव
डग पंचायत समिति में कई बार ऑडिट टीम को खाली बैठना पड़ रहा है। ऑडिट से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि ग्राम पंचायतों से बार-बार तकादा करने के बाद भी रिकॉर्ड नहीं आ पा रहा है। सबसे खराब हालात यहां डग ग्राम पंचायत के ही हैं। डग ग्राम पंचायत ने भी कोई भी कागजात नहीं बताए हैं।
ऑडिट टीम आने से एक माह पहले देते हैं सूचना, फिर भी परवाह नहीं
ऑडिट टीम आने से एक माह पहले सूचना देती है, फिर भी अधिकारी नहीं चेतते हैं। इसी का नतीजा है कि ऑडिट टीम को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करवाना गंभीर विषय
ऑडिट में रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करवाना काफी गंभीर विषय है। इसके लिए डग पंचायत समिति की ग्राम पंचायतों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। रिकॉर्ड नहीं देने वाले ग्राम विकास अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होगी। वीसी में भी इनको निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द ऑडिट टीम को रिकॉर्ड उपलब्ध करवाएं।
वीसी गर्ग, सीईओ, जिला परिषद
दस्तावेज नहीं मिलने से जांच में हो रही देरी
ऑडिट के लिए 4 नवंबर 2019 से डग पंचायत समिति की ग्राम पंचायतों से रिकॉर्ड मंगवा रहे हैं, लेकिन अभी तक 14 ग्राम पंचायतों ने तो एक भी रिकॉर्ड नहीं उपलब्ध करवाया है। इसी तरह जिले की कई ग्राम पंचायतों ने तो एक से दो साल के ही रिकॉर्ड बताए हैं। रिकार्ड नहीं मिलने से ऑडिट में देरी भी हो रही है।
राजेंद्र गुप्ता, ऑडिट हैड
ग्राम विकास अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाएंगे
ऑडिट में रिकॉर्ड नहीं देने वाले ग्राम विकास अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाएंगे।
राहुल मल्होत्रा, विकास अधिकारी, डग पंचायत समिति
{4 नवंबर 2019 को पहुंच गई थी टीम, चार साल की होगी ऑडिट
अधिकारी बोले-रिकाॅर्ड बताने से घबरा रही हैं ग्राम पंचायतें
ऑडिट टीम के अधिकारियों का कहना है कि ग्राम पंचायतों में भारी अनियमितता और गड़बड़ियों की आशंका दिखाई दे रही है। इसी का नतीजा है कि ग्राम विकास अधिकारी अपने रिकॉर्ड बताने से घबरा रहे हैं। सेक्शन 7 में ऑडिट को रिकॉर्ड नहीं देने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है।