- Hindi News
- National
- Jhalrapatan News Rajasthan News Heavy Vehicles Stopped Due To Malfunction In Kanthal River Bridge Long Haul Required To Go To Indore Ujjain
कंठाल नदी के पुल में आई खराबी के बाद भारी वाहनों पर रोक, इंदौर-उज्जैन जाने के लिए लगाना पड़ रहा लंबा फेरा
मध्यप्रदेश सीमा में सोयत के पास स्थित कंठाल नदी के पुल में आई खराबी के बाद 28 जनवरी से ही उस पर भारी वाहनों के गुजरने से रोक लगा दी है। भारी वाहनों को परिवर्तित मार्ग से निकाला जा रहा है, इससे उनको इंदौर पहुंचने के लिए 35 किमी का ज्यादा फेरा लगाना पड़ रहा है। सोयत से झालरापाटन मार्ग पर स्थित टोल, ढाबों पर भी असर पड़ रहा है। मध्यप्रदेश इंदौर मार्ग पर सोयत व सुसनेर के बीच स्थित कंठाल नदी के पुल में खराबी आने के बाद उस पर से बसें व छोटे वाहन पुल से निकल रहे हैं। भारी वाहनों को परिवर्तित मार्ग से निकाला जा रहा है। भारी वाहन सुसनेर, मोड़ी, बकानी होकर झालरापाटन निकल रहे हैं। इस कारण सोयत से झालरापाटन मार्ग पर स्थित ढाबों व टोल पर बुरा प्रभाव पड़ा है। बिंदा टोल इंचार्ज रोहिताश चौधरी ने बताया कि बिंदा टोल पर रोजाना ढाई लाख की आय होती थी, जो घटकर 50 हजार रुपए रह गई है। इस मार्ग पर पड़ने वाले ढाबा संचालक व टायर बनाने वाले सहित अन्य दुकानदार का धंधा चौपट हो गया है। एमपीआरडीसी संभागीय प्रबंधक अशोक शर्मा ने बताया कि कंठाल पुल के लिए स्टेटमेंट बनाकर शासन स्तर पर भेज दिया है, वहां से स्वीकृति मिलने के बाद ही कार्य प्रारंभ होगा। सुसनेर एसडीएम मनीष जैन ने बताया कि पहले यह रोड एमपीआरडीसी के पास था, अब यह रोड नेशनल हाईवे कर देने से नेशनल हाईवे अथॉरिटी द्वारा इसका रोड को चौड़ा कर पुलिया को बनाने के लिए सेंट्रल गवर्नमेंट की स्वीकृति के पास भेज रखा है। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद ही झालावाड़ उज्जैन नेशनल हाईवे के बनने की प्रक्रिया शुरू होगी।