- Hindi News
- National
- Manoharthan News Rajasthan News School Operator Did Not Give The Admit Card Due To The Fee Arrears The Student Was Denied Examination
फीस बकाया होने पर स्कूल संचालक ने नहीं दिया प्रवेश पत्र, छात्र परीक्षा से वंचित
कस्बे में एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले छात्र ने अपने ही स्कूल संचालक पर फीस बकाया होने पर प्रवेश पत्र नहीं देने से परीक्षा से वंचित करने का आरोप लगाया। इसकी शिकायत छात्र ने कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन देकर की है।
कस्बे के स्वमी विवेकानंद स्कूल के दसवीं कक्षा के छात्र बीरम पुत्र बाबूलाल मेहर ने एसडीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि वह मनोहरथाना कस्बे के एक निजी स्कूल में पढ़ता है। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसकी फीस बकाया है, फिर भी वह स्कूल में गुरुवार को बोर्ड परीक्षा देने के लिए गया। परीक्षा शुरू होने से पहले छात्र ने स्कूल संचालक से अपना प्रवेश पत्र मांगा, लेकिन फीस बकाया होने की बात कहकर संचालक ने प्रवेश पत्र देने से मना कर दिया। छात्र ने बताया कि उसकी मम्मी झालावाड़ अस्पताल में भर्ती है, उसके पापा भी वहीं हैं। वह अभी फीस नहीं दे सकता, लेकिन स्कूल संचालक ने प्रवेश पत्र नहीं दिया। इससे छात्र पहले दिन होने वाला अंग्रेजी का पेपर नहीं दे सका। स्कूल संचालक पर उसने भविष्य खराब करने का आरोप लगाया। इस संबंध में स्कूल संचालक एसएन गुर्जर का कहना है कि छात्र बीरम उनके पास दसवीं की परीक्षा शुरू होने के बाद साढ़े 9 बजे के करीब आया। फिर भी उन्होंने परीक्षा सेंटर पर लगाए केंद्राधीक्षक से मोबाइल पर संपर्क कर छात्र को प्रवेश देने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इसके अलावा छात्र की फीस भी बकाया चल रही है। बाद में छात्र को फोन कर बुलाया, लेकिन वह नहीं आया। संचालक ने बताया कि छात्र बीरम नियमित स्कूल नहीं आता है। उसकी प्रजेंट भी शॉर्ट है।