- Hindi News
- National
- Pidhawa News Rajasthan News Smugglers Were Running An Illegal Liquor Factory In Ausav Caught Four In Dabish The Owner Ran Away With The Car As Usual
औसाव में तस्कर चला रहे थे शराब की अवैध फैक्ट्री, दबिश में चार पकड़े, मालिक हमेशा की तरह कार लेकर भाग गया
करीबी औसाव गांव में खेत पर मकान की आड़ में टीनशेड के नीचे चल रही शराब की अवैध फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। पुलिस की स्पेशल टीम ने दबिश कर 340 पेटी में शराब के 16320 अवैध पव्वे, दो वाहन, कैमिकल्स, सामान जब्त कर 4 आरोपी गिरफ्तार किए। 2 बाल अपचारी को डिटेन किया है। मुख्य आरोपी खेत मालिक चतुराई से अपनी कार लेकर भागने में सफल हो गया। उसकी तलाशी के लिए पुलिस ने नाकाबंदी की है।
एसपी राममूर्ति जोशी ने बताया कि मप्र का बाॅर्डर एरिया हाेने से शराब तस्करी की अाशंका के मद्देनजर माफिया के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए टीम को टास्क दिए गए थे। इस पर एएसपी राजेश यादव-डीएसपी विजयशंकर शर्मा के सुपरविजन अाैर डीएसटी प्रभारी जितेंद्रसिंह शेखावत के नेतृत्व में शराब माफिया पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान स्पेशल टीम को सूचना मिली कि रायपुर थाना इलाके में औसाव निवासी बनेसिंह सौंधिया ने अपने कुएं पर मकान की आड़ में टीनशेड का कारखाना लगाया, जिसमें अवैध शराब बनाकर राजस्थान व मध्यप्रदेश में तस्करी कर रहा है। शनिवार को जिला स्पेशल टीम ने बनेसिंह के बोलेरो कैंपर व मारुति कार में शराब की पेटियां भरकर तस्करी के लिए रवाना हाेने की सूचना मिली। इस पर टीम ने रायपुर, सुनेल व पिड़ावा से तालमेल बनाकर संभावित रास्तों की नाकाबंदी कराई। इस जगह पर छापा मारा तो बनेसिंह सौधिया के खेत-कुएं के पिछवाड़े टीनशेड के कारखाने में बड़ी मात्रा में शराब बनना पाया। फैक्ट्री के गेट पर एक बोलेरो कैंपर व एक मारुति कार में पैक्ड शराब की पेटियां भरी हुई मिली। इस पर आबकारी अधिकारी संतोष पूनिया, पिडावा डीएसपी धन्नाराम, थानाधिकारी पिड़ावा महेशसिंह, रायपुर थानाधिकारी बाबूलाल, सुनेल एचएचओ धर्माराम जाब्ते लेकर पहुंचे और जब्ती की कार्रवाई की। मुख्य तस्कर बनेसिंह अपनी क्रेटा कार से भाग गया। पुलिस ने वहां से मेहंदी-सुसनेर निवासी मोरसिंह पुत्र अर्जुनसिंह सौंधिया, दूलियाखेड़ी-सोयत निवासी अदेसिंह पुत्र बालूसिंह सौंधिया, देवीसिंह पुत्र दरयावसिंह सौंधिया व तूफानसिंह पुत्र पर्वतसिंह सौंधिया को गिरफ्तार किया। साथ ही विधि विरुद्ध संघर्षरत दो बाल अपचारी डिटेन किए गए।
मुख्य तस्कर है ईनामी अपराधी
फैक्ट्री का मालिक औसाव निवासी बनेसिंह सौंधिया पुत्र भैरुसिंह रायपुर थाने का वांटेड आरोपी है। जिस पर 3 हजार का ईनाम घोषित किया हुआ है। इस तस्कर की काफी समय से पुलिस द्वारा तलाश जारी है। आरोपी पुलिस को चकमा देने में फरार हो जाता है। बनेसिंह का नाबालिग बेटा इस धंधे में लिप्त पाया, जिसे डिटेन किया गया।
देशी मदिरा के हूबहू बना रहे थे शराब: शराब फैक्ट्री पर बड़ी मात्रा में राजस्थान राज्य में बिकने वाली ग्लोबस नींबू और एमपी की देशी मसाला ब्रांड की पेटियां, मशीने, स्प्रिट, आर्टीफिशियल लेमन फ्लेवर केमिकल्स की बोतलें मिली। ड्रम में पानी व स्प्रिट कैमिकल का घोल तैयार कर उसमें आर्टिफिशियल लैमन फ्लेवर व कैमिकल मिलाकर खाली पव्वों व क्वाटरों में मशीनों से लैबल लगाकर कार्टून में पैंकिंग करने व तस्करी करना पाया गया। जो प्रथम दृष्ट्या देखने पर राज्य निर्मित देशी मदिरा से मेल खाते हैं।
बरामद किए ये सामान
340 पेटी में अवैध निर्मित शराब ग्लोब्स नीबू ब्रांड 16320 पव्वे, 2 स्प्रिट कैमिकल के भरे हुए ड्रम, 25 खाली ड्रम, पव्वा व ढक्कनों के 15 बोरे व एक पेकिंग मशीन 3 मोटर पंप, 17 कार्टून-पेकिंग रोल, ब्रांड रैपर के 10 पैकेट, आर्टिफिशियल लेमन फ्लेवर कैमिकल की बोतलें, न्यू कार्टून गत्ते, ग्लोब्स ब्रांड का बोरा, तस्करी में लगे वाहन बोलेरो कैंपर, अल्टो मारुति कार, रैपर चिपकाने की गोंद की पीपी के साथ अन्य सामान बरामद किया।
रायपुर.शराब की अवैध फेक्ट्री पर छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए 4 अभियुक्त।