गेहूं की खरीदी को लेकर बैठक हुई
उपखंड कार्यालय पर समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी को लेकर उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक मेंं उपखंड अधिकारी ने बताया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं की ऑफलाइन खरीद 16 मार्च से शुरू करना है। जिसके लिए किसानों की टोकन व्यवस्था कृषि उपजमंडी के मुख्य द्वार पर दो कृषि पर्यवेक्षक कार्य दिवस में प्रतिदिन दोपहर 12 से 2 बजे तक जारी करेंगे।
गेहूं 1925 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदे जाएंगे। जिसमें प्रतिदिन 1 हजार क्विंटल गेहूं की खरीदी होगी। किसानों को गिरदावरी की नकल, वोटर आईडी, बैंक पासबुक साथ लाना होगा। उपखंड अधिकारी ने बताया कि ऑफलाइन पंजीयन हेतु एक रजिस्टर रखा जाएगा। जिसमे पूरा विवरण दर्ज होगा। बैठक में तहसीलदार बालचंद मीणा, क्रय विक्रय सहकारी समिति व्यवस्थापक सुरेश खमोरा, मंडी सचिव जवाहरलाल नागर, कानूनगो मदनलाल वर्मा, कृषि पर्यवेक्षक राकेश मीणा, लादूलाल कुमावत मौजूद रहे।