- Hindi News
- National
- Jhalawar News Rajasthan News Vacation Of Medical Non Medical Staff In Hospitals Canceled
अस्पतालों में मेडिकल-नॉन मेडिकल स्टाफ के अवकाश निरस्त
कोरोना वायरस से बचाव और उपचार के लिए जागरुकता अभियान के अन्तर्गत सभी सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों और शहरी क्षेत्रों में चिकित्सा विभाग की ओर से घर-घर सर्वे एवं जागरुकता संदेश दिए जा रहे हैं। जिले के सभी मेडिकल, नॉन पैरामेडिकल स्टाफ के अवकाश निरस्त किए गए हैं।
सार्वजनिक जागरुकता अभियान में सीएमएचओ डॉ. साजिद खान ने बताया कि सार्वजनिक स्थल रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, जिला अस्पताल में आईडीएसपी टीम द्वारा दैनिक रूप से आमजन को जागरूक करने के लिए पेम्फलेट वितरित किए जा रहे हैं। साथ ही व्यक्तिगत रूप से बचाव और उपचार के लिए संदेश दिए जा रहे हैं। स्कूलों में बुधवार से टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को कोरोना वायरस के बारे में बताया जाएगा। एएनएम प्रशिक्षण संस्थान की छात्राओं की पांच-पांच छात्राओं की टीम बनाकर शहरी क्षेत्रों में घर-घर भ्रमण कर बचाव और उपचार के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही शहरी स्वास्थ्य केन्द्रों के हेल्थ मैनेजर को पाबंद किया गया। आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं संबंधित वार्डों में घर-घर जाकर जागरुकता के पंपलेट्स वितरित करते हुए प्रतिदिन की गतिविधियों की सूचना जिला आशा समन्वयक को भिजवाई जाएगी। सीएमएचओ ने जिले के सभी बीसीएमएचओ एवं चिकित्सा अधिकारी प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में आने वाले सभी राजकीय और निजी स्कूल, छात्रावास, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अस्पतालों में जागरूक करने के लिए कोरोना वायरस से बचाव और उपचार की जानकारी दें।
होटल संचालकों को पाबंद किया
झालावाड़ की सभी होटल व लॉज के संचालकों को पाबंद किया गया है कि कोई भी विदेशी पर्यटक होटल पर आते हैं तो उन पर्यटकों की पूरी जानकारी स्वास्थ्य विभाग के कंट्रोल रूम पर दी जाएगी।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की आरआरटी टीम गठित
जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की रेपिड रेस्पोंस टीम का गठन किया गया है। इसमें फिजिशियन डॉ. रघुनंदन मीणा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. हरीश पूनिया, माइक्रो बायोलॉजिस्ट डॉ. योगेंद्र तिवारी, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. एचपी लकवाल, एपिडेमियोलोजिस्ट ब्रजेश गुप्ता को शामिल किया गया है। सीएमएचओ ने कहा कि कोई भी व्यक्ति विदेश यात्रा करके आता है तो उसकी सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 07432230009 पर दें।
झालावाड़. काेराेना वायरस से बचाव के लिए लाेगाें काे जागरूक करते हुए।