पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Jhunjhunu News Rajasthan News 10 Thousand Ticket To Go To Saudi For 90 Thousand Forcing The Visa To Expire

सऊदी जाने का 10 हजार का टिकट 90 हजार में, वीजा खत्म होने के डर से लेना भी मजबूरी

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कोरोना के कारण जिले के कई घरों में एक नई चिंता ने लोगों को परेशानी में डाल दिया है। यहां के कई लोग अरब देशों में नौकरी करते हैं। कुछ समय इनमें से कई लोग यहां आए थे। इन दिनों उन्हें वापस लौटना था, लेकिन अब या तो संबंधित देशों में हवाई यात्रा पर प्रतिबंध लग चुका है या फिर टिकट इतने महंगे हो गए हैं कि खरीद पाना ही मुश्किल हो रहा है।

उदाहरण के लिए सऊदी अरब जाने के लिए जो टिकट अब तक 10 से 11 हजार में मिल रहा था। वही टिकट अब 90 हजार में मिल रहा है। वह भी बड़ी मुश्किल से। इसके बावजूद ये लोग महंगे दामों पर भी टिकट ले रहे हैं, क्योंकि यदि ये जल्द ही वहां नहीं लौटे तो इनका वीजा रद्द हो जाएगा और साथ ही जहां ये नौकरी कर रहे हैं। वह नौकरी भी चली जाएगी। शुक्रवार व शनिवार को यहां से बड़ी संख्या में लोग रवाना हुए हालाकि एक चिंता यह भी है कि वहां की सरकार इन लोगों को वापस रवाना ना कर दे। ट्रेवल एजेंसी संचालक मोहसिन कुरैशी ने बताया कि लोग अपना वीजा खत्म होने से बचाने के लिए वहां जाना चाह रहे हैं। एयरलाइंस कंपनियों ने दाम बढ़ा दिए हैं और इसके बावजूद भी टिकट नहीं मिल रहे हैं।

एहतियात : अब तक 27 हजार की जांच


जिले में अब तक 109 विदेशियों के साथ 27149 लोगों की जांच की गई है। इनमें से कोई भी कोरोना पॉजीटिव नहीं मिला। हालांकि 182 लोगों को संभावित मरीज मानकर घरों में ही रहने के लिए कहा गया है। नौ को क्वार-टाइन वार्ड में भर्ती किया गया।

जनवरी में सऊदी अरब से आए 24 लोगों की जांच- 19 जनवरी को सऊदी अरब से लौटे यात्रियों में एक कोरोना पॉजीटिव मिलने पर चिकित्सा विभाग ने इसी विमान से लौटे जिले के 24 लोगो की भी जांच की है। सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि इन सभी को अगले 15 दिन तक अन्य लोगो से संपर्क नहीं कर घर में ही रहने की हिदायत दी गई है।

विभाग ने जारी किए हेल्प लाइन नंबर : चिकित्सा विभाग ने मरीजों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 01592-232415, 9413903273 जारी किए हैं। हर ब्लॉक मुख्यालय पर कंट्रोल रूम बनाए हैं। मरीज असुविधा होने पर सूचना दे सकते हैं।

गिरावट : रोज बनने वाले 500 टिकट 50 पर आए


कोरोना के कारण हवाई सेवाओं पर बुरा असर भी पड़ रहा है। अकेले झुंझुनूं जिले से पहले जहां रोजाना करीब 500 टिकट बन रहे थे। वहीं अब यह संख्या महज 50 रह गई है। वह भी इक्का दुक्का देशों के लिए। कई देशाें ने अपनी फ्लाइट बंद कर दी है। इटली की फ्लाइट पहले से बंद थी। 7 मार्च से कुवैत, दाेहा- कतर की फ्लाइट बंद हो गई। ट्रेवल एजेंट बताते हैं कि इससे उन्हें भारी नुकसान हाे रहा है।

वापस नहीं गए तो वीजा व नौकरी पर संकट

शेखावाटी के झुंझुनूं, सीकर और चूरू के करीब पांच लाख लोग सऊदी देशों में नौकरी करते हैं। इन लोगों को वहां से साल में एक बार एक से ढाई माह की छुट्‌टी मिलती है। वहां आजाद वीजा में काम करने वाले लोगों को यहां से छह महीने में वापस लौटना पड़ता है। ऐसे कई लोग हैं जो कोरोना का असर फैलने से पहले यहां आ गए थे और अब उन्हें वापस लौटना है। नहीं गए तो उनका वीजा रद्द हो जाएगा। जिसे वापस बनवाना मुश्किल होता है और साथ ही इस पर करीब डेढ़ लाख रुपए का खर्च आता है। वीजा रद्द होने की स्थिति में इनकी नौकरी भी चली जाएगी। इसलिए अब टिकट भले ही कितनी ही महंगी क्यों ना हो ये लोग वहां जा रहे हैं।

3

केस

2

केस

1

केस

सुल्ताना में सऊदी अरब से लौटे यात्री की हुई जांच

सुलताना. संदिग्ध की जांच करते हुए।

इस्लामपुर निवासी खूबचंद मेघवाल शनिवार को दमाम गए हैं। सामान्य दिनों में उनका टिकट 11 हजार रुपए में मिलता था, लेकिन कोरोना के कारण यही टिकट उन्हें 54 हजार में मिला है। महनसर के माेहम्मद हसन काे रियाद जाना था। जो टिकट उन्हें 11 हजार में मिलता वह 62 हजार रुपए में मिला।

झुंझुनूं निवासी निसार अब्बासी काे सऊदी जाना था। वीजा 20 मार्च काे खत्म हाेने वाला है। नहीं गए तो वीजा रद्द होने का डर था। इसलिए निसार 72 हजार रुपए में टिकट खरीद कर रवाना हुए हैं। उदयपुरवाटी के इमरान की भी यही कहानी है। इमरान ने 79 हजार में टिकट खरीदा।

सिरियासर के आरिफ सऊदी में गार्ड की नाैकरी करते हैं। अक्सर वह 11-12 हजार रुपए में टिकट लेकर वहां जाते हैं। जल्द ही इनका वीजा खत्म होने वाला था। इसलिए जाना जरुरी था। टिकट का पता किया तो 90 हजार रुपए बताए। आरिफ के पास इतने पैसे नहीं थे। ऐसे में उसके कफिल ने टिकट भिजवाया।

सुलताना | कोरोना वायरस को लेकर चिकित्सा विभाग सजग नजर आ रहा हैं। 19 जनवरी को सऊदी अरब से लौटे यात्रियों के साथ कोरोना वायरस के पॉजिटीव के आने की सूचना के बाद सीएमएचओ डॉ छोटेलाल गुर्जर ने टीमें गठित कर उस विमान में आए जिले के 24 यात्रियों की जांच करवाई। इसी विमान में सुल्ताना के वार्ड 9 के सलीम पुत्र सगीर की भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्केनिंग की गई। सलीम को 15 दिन तक होम आइसोलेशन में रहने के निर्देश दिए। टीम की और से रिपोर्ट बनाकर सीएमएचओ को भेजी गई है।
खबरें और भी हैं...