- Hindi News
- National
- Chanwara News Rajasthan News 10th Board Exam On The Very First Day The College Student Was Caught Taking The Exam Instead Of Another
10वीं बोर्ड परीक्षा; पहले ही दिन दूसरे की जगह परीक्षा देते कॉलेज छात्र को पकड़ा
दसवीं की बोर्ड परीक्षाअों के पहले ही दिन एक फर्जी परीक्षार्थी को परीक्षा देते पकड़ा गया। इसको लेकर केन्द्राधीक्षक ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। डीईओ माध्यमिक अमरसिंह पचार ने बताया कि पौंख के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आंतरिक जांच दल ने कमरा नंबर 9 में रोल नंबर 1684664 के परीक्षार्थी शुभकरण कुमावत से उसके पिता का नाम पूछा तो उसने गलत बताया। इसके बाद जांच दल ने परीक्षार्थी से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने खुद का नाम सुनील पुत्र गिरधारी लाल बताया और शुभकरण की जगह परीक्षा देने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद केन्द्राधीक्षक नवीन गढ़वाल ने गुढ़ा थानाधिकारी राजेन्द्र शर्मा को मामले की जानकारी दी। पचार ने बताया कि पुलिस फर्जी परीक्षार्थी को लेकर गुढ़ा थाने आई। केन्द्राधीक्षक ने फर्जी परीक्षार्थी के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है।
नवलगढ़ कॉलेज में पढ़ता है छात्र : पौंख में 10वीं अंग्रेजी की परीक्षा देते समय पकड़ा गया फर्जी परीक्षार्थी खिरोड़ निवासी सुनील कुमार नवलगढ़ के सरकारी कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र है। सुनील ने बताया कि वह अभी आर्मी की तैयारी गांव में ही कर रहा है। उसने बताया कि उसे उसके भुआ के लड़के ने यहां पर दूसरे की जगह परीक्षा देने के लिए भेजा है।
एस्कार्ट टीचर नहीं भेजने पर होगी कार्रवाई
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अमरसिंह पचार ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले निजी स्कूलों के परीक्षार्थियों के साथ निजी स्कूल संचालकों को एस्कार्ट शिक्षक भेजना होगा जो उनके परीक्षा केन्द्र पर उनकी पहचान करेगा और उनको परीक्षा में सम्मिलित कराएगा। परीक्षा पूरी होने के बाद इन परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र से लेकर जाएगा। इसको लेकर शिक्षा विभाग पूरी तरह से सख्त है।