- Hindi News
- National
- Jhunjhunu News Rajasthan News Announcement Of Opening Of Government College In Chidwa Demand Was There For Ten Years People Climbed On Water Tank
चिडा़वा में सरकारी कॉलेज खोलने की घोषणा, दस साल से थी मांग, लोग चढ़ गए थे पानी की टंकी पर
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को विधानसभा में चिड़ावा उपखंड मुख्यालय पर सरकारी कॉलेज खोलने की घोषणा की तो क्षेत्र की 10 वर्ष पुरानी मांग पूरी होने पर लोगों ने जश्न मनाया। शहर सहित नजदीकी इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। पिलानी विधायक जेपी चंदेलिया के समर्थकों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों, कांग्रेस व अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी। व्यापार मंडल अध्यक्ष महेश मालानी के प्रतिष्ठान पर देर शाम जश्न मनाया गया। अग्रवाल समाज अध्यक्ष दामोदर हिम्मतरामका, कुश्ती कोच राजेंद्रपाल सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता नथमल अरड़ावतिया, व्यापार मंडल के नरोत्तम भीमराजका, अशोक मालानी, पुरुषोत्तम भुकानिया, महेश मोदी, विजय मोदी, मोतीलाल हिम्मतरामका, कपिल कटेवा कासी, मनोज फतेहपुरिया, दीपक झुंझुनूंवाला, रविकांत जांगिड़ सहित अन्य लोग मौजूद रहे। विधायक चंदेलिया ने जयपुर से बातचीत में बताया कि मुख्यमंत्री ने किसान एवं जरूरतमंद परिवारों के युवाओं व उनके अभिभावकों की भावना समझी। सरकारी कॉलेज खुलने से क्षेत्र के युवाओं को आगे बढने के अवसर मिलेंगे। चिड़ावा में सरकारी कॉलेज खोलने की मांग एक दशक से भी अधिक समय से उठाई जा रही है। विभिन्न छात्र संगठनों ने व्यापार संगठनों-सर्व समाज के सहयोग से आंदोलन भी चलाए थे। शुक्रवार को विधायक जेपी चंदेलिया का 69वां जन्मदिन था। दोपहर में उनके समर्थकों-पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इसकी खुशी मनाई।
2018 में की आक्रोश रैली : वर्ष 2018 में 12 फरवरी को चिड़ावा में सरकारी कॉलेज खोलने के मुद्दे को लेकर आंदोलनरत संघर्ष समिति द्वारा शहर के कबीर टीला में सभा बुलाई थी। सभा को विधायक रिटायर्ड आईएएस जेपी चंदेलिया, पूर्व प्रधान शेरसिंह नेहरा सहित अनेक लोगों ने संबोधित किया था। उसी दिन विधानसभा में तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की अगुवाई वाली भाजपा सरकार द्वारा बजट प्रस्ताव रखा गया था। चिड़ावा में सरकारी कॉलेज पर कोई विचार नहीं होने से आक्रोशित युवाओं ने आक्रोश रैली निकाली।
चिड़ावा. चिड़ावा में सरकारी कॉलेज खोलने की घोषणा करने पर खुशी मनाते।